CGPSC Interview: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा के साक्षात्कार को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग की ओर से आगामी 21 सितंबर से इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इस बार भी निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 'फेसलेस इंटरव्यू' मॉडल को अपनाया जा रहा है। CGPSC का यह लगातार दूसरा साल है जब बोर्ड इस आधुनिक व्यवस्था के तहत उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगा। पीएससी एक्सपर्ट अंकित अग्रवाल के अनुसार, इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य इंटरव्यू प्रक्रिया में किसी भी तरह के पक्षपात या पूर्वाग्रह की गुंजाइश को खत्म करना है।
फेसलेस इंटरव्यू के दौरान:
अभ्यर्थियों को बोर्ड मेंबर्स के सामने अपनी व्यक्तिगत पहचान या पृष्ठभूमि उजागर करने की अनुमति नहीं होती।
साक्षात्कार ले रहे बोर्ड के सदस्यों के पास भी अभ्यर्थियों से जुड़ी कोई व्यक्तिगत जानकारी नहीं भेजी जाती।
इससे इंटरव्यू बोर्ड पूरी तरह न्यूट्रल (तटस्थ) होकर केवल उम्मीदवार की योग्यता और क्षमताओं के आधार पर उसका मूल्यांकन करता है।
सूची वेबसाइट पर जारी
हाल ही में घोषित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के नतीजों में न्यूनतम अर्हकारी अंक (कट-ऑफ) हासिल करने वाले 608 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए प्रोविजनल रूप से चुना गया है। चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। आयोग ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि साक्षात्कार से पहले दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) कराना अनिवार्य होगा।
पाली के अनुसार समय पर पहुंचे कार्यालय
यदि कोई अभ्यर्थी तय समय पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आयोग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें और अपनी निर्धारित तिथि व पाली (शिफ्ट) के अनुसार समय पर सीजीपीएससी कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें।

