रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। शनिवार को शहर के खमतराई और सरोरा क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग चाकू के हमले में घायल हो गए। घायलों में एक ई-रिक्शा चालक भी शामिल है। पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार तेलीबांधा निवासी संजय निषाद गुरुवार शाम अपने साथी भरत यादव के साथ ई-रिक्शा से एक महिला यात्री को छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सृष्टि प्लाजा, राजीव गांधी नगर के पास तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। संजय और भरत ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मौके पर मिले मोबाइल से पुलिस को मिला सुराग
विवाद बढ़ने पर एक युवक ने संजय पर चाकू से हमला कर दिया। संजय ने हाथ से वार रोकने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद आरोपियों ने भरत यादव की कमर के ऊपर चाकू मार दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला है। जांच के दौरान मोबाइल पर राहुल नाम से लगातार कॉल आ रही थी। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिया है और इसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।सरोरा में विवाद के बाद युवक को मारा चाकू
दूसरी घटना सरोरा इलाके की है। यहां मजदूर नगर निवासी युवराज सेन का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। विवाद पहले हाथापाई तक पहुंचा और बाद में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद केटीएम बाइक से पहुंचे एक युवक ने युवराज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे पहले स्थानीय क्लीनिक ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों वारदातों के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।