Chhattisgarh Cashless Medical Scheme: कैशलेस चिकित्सा योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ ने शासन के प्रति आक्रोश जताया है। संघ का कहना है कि कर्मचारियों की इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बजट सत्र में कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किए जाने के बावजूद अब तक इसका लाभ कर्मचारियों और उनके परिवारों को नहीं मिल पाया है।
घोषणा के बाद थी कार्रवाई की अपेक्षा
संघ के अनुसार, हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक से कर्मचारी संगठनों को उम्मीद थी कि कर्मचारियों से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। विशेष रूप से कैशलेस चिकित्सा योजना के क्रियान्वयन को लेकर कर्मचारियों को सरकार से घोषणा के बाद ठोस कार्रवाई की अपेक्षा थी, लेकिन बैठक में इस संबंध में निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में निराशा और नाराजगी है।
प्रावधान नही वास्तविक लाभ मिलना जरूरी
संगठन का कहना है कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के सदस्यों के लिए भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान में स्वास्थ्य संबंधी उपचार के दौरान कई कर्मचारी और उनके परिवार आर्थिक बोझ का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कैशलेस चिकित्सा योजना लागू होने से उन्हें उपचार के खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है। संघ ने बताया कि योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए की घोषणा किए जाने के बावजूद इसका क्रियान्वयन नहीं हो सका है। संगठन ने कहा कि केवल बजट में राशि का प्रावधान पर्याप्त नहीं है, बल्कि कर्मचारियों को इसका वास्तविक लाभ मिलना भी जरूरी है।2 और 3 अक्टूबर को करेंगे विरोध प्रदर्शन
अपनी नाराजगी दर्ज कराने के लिए संघ ने 2 अक्टूबर को सोशल मीडिया के माध्यम से विरोध दर्ज कराने और 3 अक्टूबर को काली पट्टी लगाकर सभी कार्यालयों में कार्य करने का निर्णय लिया है। संघ ने प्रदेश के सभी कर्मचारियों से इस विरोध कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।
छत्तीसगढ़ कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ की प्रदेश अध्यक्ष उषा चंद्राकर और संरक्षक राकेश सिंह ने प्रदेश के कर्मचारियों से विरोध में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों और उनके परिवारों को जल्द कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है और शासन से योजना के शीघ्र क्रियान्वयन की उम्मीद है। जानकारी प्रदेश संयोजक पीयूष कुमार गुप्ता ने दी।
