Chhattisgarh Govt Jobs: युवाओं के लिए बड़ी खबर,अब क्लास 3 और 4 पदों पर भर्ती के नियम बदले
Chhattisgarh Govt Jobs: छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत लिखित परीक्षा के बाद केवल पदों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों को ही कौशल या शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। नई नियमावली से भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने का दावा किया गया है।
Chhattisgarh Govt Jobs: छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की
सरकारी नौकरियों में चयन की प्रक्रिया अब और प्रतिस्पर्धी होने जा रही है। राज्य सरकार ने भर्ती प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शिता और गति देने के लिए एक नई नियमावली लागू की है। नए प्रावधानों के तहत, लिखित परीक्षा के बाद अब अभ्यर्थियों की कड़ी छंटनी की जाएगी। जिन पदों पर कौशल (Skill Test) या शारीरिक दक्षता (Physical Test) अनिवार्य है, वहां
विज्ञापित पदों की तुलना में 15 गुना अभ्यर्थियों को ही अगले चरण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। कर्मचारी चयन मंडल द्वारा तैयार इन नए नियमों को राज्य के विभिन्न विभागों में लागू कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के बाद अब नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने भी प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
11 सितंबर से लागू हुई नई व्यवस्था, पुराने नियम रद्द
यह नई व्यवस्था 6 अगस्त 2026 को जारी हुए पुराने नियमों का स्थान लेगी और 11 सितंबर से पूरी तरह प्रभावी मानी जाएगी। नई गाइडलाइन के अनुसार, लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर ही अगले चरण (कौशल या शारीरिक परीक्षा) के लिए शॉर्टलिस्ट तैयार की जाएगी।
चयन प्रक्रिया के प्रमुख बिंदु:
15 गुना कट-ऑफ: रिक्त पदों की संख्या के आधार पर 15 गुना अभ्यर्थियों को ही अगले राउंड में मौका मिलेगा।
आरक्षण व प्राथमिकता: शॉर्टलिस्ट तैयार करते समय श्रेणीवार आरक्षण और उम्मीदवार द्वारा चुनी गई पद-प्राथमिकता (Preference) का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
अंतिम चयन सूची: कौशल या शारीरिक परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों में से केवल उतने ही उम्मीदवारों की फाइनल मेरिट सूची बनेगी, जितनी सीटें खाली होंगी।
एक साथ होंगी कई विभागों की परीक्षाएं
नए नियमों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब अलग-अलग विभागों के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए बार-बार परीक्षा देने का झंझट खत्म होगा।
ग्रुपिंग सिस्टम: शैक्षणिक योग्यता के आधार पर पदों को अलग-अलग समूहों (Groups) में बांटा जाएगा, जिससे एक ही परीक्षा के जरिए कई विभागों के पदों पर भर्ती संभव हो सकेगी।
सशक्त प्रशासनिक ढांचा: भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारी चयन मंडल में परीक्षा नियंत्रक समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो अपने मूल विभाग के नियमों के तहत सेवाएं देंगे।
सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल भर्ती प्रक्रिया में लगने वाले समय की बचत होगी, बल्कि योग्य और प्रतिभावान युवाओं का चयन भी तेजी से हो सकेगा।