Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। एक आक्रामक कुत्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों में हमला कर 31 लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, यह मामला वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 और 4 का है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुत्ता पिछले एक दिन से अजीब व्यवहार कर रहा था और रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर अचानक हमला कर रहा था। देखते ही देखते उसने कई लोगों को अपना शिकार बना लिया।
31 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
कुत्ते के हमले में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार किया और जरूरी सावधानियां बरती गईं।
सभी को लगाया गया एंटी-रेबीज इंजेक्शन
जिला अस्पताल के RMO डॉ. नरेंद्र रात्रे ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल हुए सभी 31 लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पार्षद ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर वार्ड पार्षद रामनाथ सिदार ने प्रशासन से जल्द से जल्द कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।नगरपालिका टीम कुत्ते को पकड़ने में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची और आक्रामक कुत्ते को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।
बच्चे पर हमले का वीडियो आया सामने
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक बच्चे पर कुत्ते के हमले का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्ता अचानक बच्चे के पास पहुंचकर उस पर हमला कर देता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में और अधिक चिंता बढ़ गई है।

