China Masters: सात्विक-चिराग ने डेनमार्क की जोड़ी को हराया, चीन मास्टर्स के सेमीफाइनल में पहुंचे
China Masters: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने डेनमार्क की जोड़ी को हराकर चीन मास्टर्स सुपर 750 के सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि किदांबी श्रीकांत को ली चेक यियू के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
क
कीर्तिमान डेस्क | यशोदा साहू
05 Sep 2026, 11:33 AM
खेल डेस्क
China Masters: भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन मास्टर्स सुपर 750 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी। वहीं, अनुभवी भारतीय शटलर किदांबी श्रीकांत को पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
चौथी वरीयता प्राप्त सात्विक और चिराग ने 70 मिनट चले मुकाबले में डेनमार्क की जोड़ी को 21-13, 16-21, 21-18 से हराया। इस जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों की शानदार फॉर्म जारी है। इससे पहले भारतीय जोड़ी थाईलैंड ओपन सुपर 500 में रजत पदक जीत चुकी है, जबकि सिंगापुर ओपन सुपर 750 का खिताब भी अपने नाम कर चुकी है। सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग की भिड़ंत मलेशिया की दुनिया की 29वें नंबर की जोड़ी नूर मोहम्मद अजरिन और तान वी कियोंग से होगी।
सात्विक और चिराग ने मुकाबले की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती दौर में ही 5-1 की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार विनर्स लगाते हुए रैलियों पर पकड़ बनाए रखी। उनकी आक्रामकता का असर स्कोर पर भी दिखा और एक समय भारतीय जोड़ी 16-9 से आगे हो गई। इसके बाद उन्होंने बिना ज्यादा परेशानी के पहला गेम 21-13 से जीत लिया। दूसरे गेम में डेनमार्क की जोड़ी ने वापसी की। एस्ट्रुप और रासमुसेन ने भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक खेल का बेहतर तरीके से सामना किया। 15-15 की बराबरी के बाद डेनमार्क के खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाए और बढ़त को निर्णायक स्थिति तक पहुंचाते हुए मैच को तीसरे गेम में ले गए।
सात्विक-चिराग का शानदार प्रदर्शननिर्णायक गेम में दिखाया धैर्य
तीसरे गेम में मुकाबला पूरी तरह बराबरी का रहा। दोनों जोड़ियों के बीच लगातार कड़ी टक्कर देखने को मिली और 17-17 के स्कोर पर मैच किसी के भी पक्ष में जा सकता था। यहीं सात्विक और चिराग ने दबाव के बीच बेहतर संयम दिखाया। भारतीय जोड़ी ने लगातार तीन अहम अंक हासिल कर 20-17 की बढ़त बना ली। एक अंक गंवाने के बावजूद उन्होंने धैर्य नहीं खोया और अगला जरूरी अंक हासिल करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
श्रीकांत को ली चेक के खिलाफ हार
दूसरी ओर, पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत का चीन मास्टर्स में सफर क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गया। हांगकांग के दुनिया के 25वें नंबर के खिलाड़ी ली चेक यियू ने श्रीकांत को सीधे गेमों में 21-16, 21-16 से हराया। 39 मिनट चले मुकाबले में श्रीकांत कई मौकों पर वापसी की कोशिश करते नजर आए, लेकिन ली चेक ने महत्वपूर्ण क्षणों में बेहतर खेल दिखाया। श्रीकांत ने मैच की शुरुआत अच्छी की और पहले गेम में 3-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, ली चेक ने जल्द ही स्कोर बराबर कर लिया और इसके बाद लगातार अंक जुटाते हुए 14-6 की बढ़त हासिल कर ली। श्रीकांत ने अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन हांगकांग के खिलाड़ी ने अपनी बढ़त बनाए रखी और पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी श्रीकांत ने तेज शुरुआत की और 4-0 से आगे निकल गए। ली चेक ने फिर वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा और स्कोर 15-15 तक पहुंच गया।
निर्णायक पलों में ली चेक ने बदला मैच का रुख
निर्णायक मोड़ पर ली चेक ने अपनी रफ्तार बढ़ाई। उन्होंने लगातार तीन अंक लेकर 18-15 की बढ़त बनाई और इसके बाद तीन और अंक हासिल कर दूसरा गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया। श्रीकांत ने इससे पहले राउंड ऑफ 16 में कनाडा के दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। इससे पहले साल की शुरुआत में अमेरिकी ओपन सुपर 300 में उपविजेता रहकर उन्होंने अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत भी दिए थे। अब ली चेक यियू सेमीफाइनल में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से भिड़ेंगे। मई में सिंगापुर ओपन में भी ली चेक ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया था और मुश्किल स्थिति से वापसी करते हुए ऑल इंग्लैंड चैंपियन लिन चुन-यी को हराया था।