छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मोबाइल खराब होने के बाद उसे ठीक करवाने में हुई देरी से नाराज 9वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मगरपारा मरारगली निवासी मनोज कुमार पाण्डेय इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। और उनकी बेटी वंशिका पाण्डेय अम्बेडकर स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ाई कर रही थी।
पिता से मोबाइल सुधरवाने की कही थी बात
जानकारी के मुताबिक, वंशिका का मोबाइल खराब हो गया था। जिसके बाद 1 अगस्त को उसने अपने पिता से मोबाइल ठीक करवाने की बात कही और जल्द सुधरवाने की जिद करने लगी। पिता ने उसे समझाते हुए कहा कि सैलरी मिलने के बाद मोबाइल सुधरवा देंगे। इसके बाद वह काम के लिए घर से निकल गए।
गुस्से में छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम
पिता के घर से जाने के बाद वंशिका ने कमरे में जाकर पंखे के हुक से साड़ी का फंदा बनाया और आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद उसके चचेरे भाई की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद घर में हड़कंप मच गया ।अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने साड़ी काटकर छात्रा को नीचे उतारा और इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में मोबाइल को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।