नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण इन दिनों अपनी भव्यता और स्टारकास्ट को लेकर चर्चा में है। हजारों करोड़ रुपये के बड़े बजट में बन रही इस फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद जहां कई दर्शकों ने इसके विजुअल्स, कलाकारों और प्रस्तुति की तारीफ की, वहीं कुछ लोगों ने फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइन को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर खास तौर पर सीता के किरदार में नजर आ रहीं साई पल्लवी और कैकेयी की भूमिका निभा रहीं लारा दत्ता के कपड़ों को लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने इनके लुक की तुलना पुराने पौराणिक धारावाहिकों से की, तो कुछ ने इसे अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश बताया।
सीता के लुक पर डिजाइनर ने रखी अपनी बात
फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर रिंपल और हरप्रीत नरूला ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में रिंपल ने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि रामायण जैसे महान ग्रंथ पर बनने वाली फिल्म को लेकर लोगों की अपनी-अपनी राय होगी। उन्होंने कहा कि रामायण भारतीय संस्कृति और लोगों की भावनाओं से गहराई से जुड़ी हुई है। ऐसे में फिल्म की कास्टिंग, कॉस्ट्यूम और विजुअल प्रेजेंटेशन को लेकर चर्चा होना स्वाभाविक है। हालांकि, उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस तरह की आलोचनाएं भी सामने आएंगी। सीता के किरदार के कपड़ों पर उठे सवालों को लेकर रिंपल ने कहा कि यह लुक उनके लिए बेहद व्यक्तिगत सोच से जुड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि सीता के रूप की कल्पना उसी श्रद्धा और भाव के साथ की, जिस तरह उन्होंने बचपन से देवी सीता की छवि को देखा है।
सीता का लुक सोच-समझकर तैयार किया गया
रिंपल ने कहा कि जब वह आंखें बंद करके देवी सीता की कल्पना करती हैं, तो उनके मन में एक खास छवि आती है। उसी सोच को ध्यान में रखते हुए उन्होंने साई पल्लवी के किरदार का कॉस्ट्यूम तैयार किया। उनके मुताबिक, सीता का पहनावा केवल खूबसूरती दिखाने के लिए नहीं बल्कि किरदार की गरिमा, भावनाओं और आध्यात्मिकता को दर्शाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है।कैकेयी के कपड़ों के पीछे भी थी खास सोच वहीं
हरप्रीत नरूला ने अभिनेत्री लारा दत्ता के कैकेयी लुक को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने बताया कि कैकेयी के कॉस्ट्यूम में रंगों और डिजाइन का चयन पूरी योजना के साथ किया गया था। उन्होंने कहा कि कैकेयी के कपड़ों में इस्तेमाल किए गए रंग उनके व्यक्तित्व और मनोदशा को दिखाते हैं। हरा रंग जहां उनके मातृत्व भाव को दर्शाता है, वहीं गहरा मैरून रंग उनके भीतर चल रहे संघर्ष और भावनात्मक मजबूती को दिखाने के लिए चुना गया। हरप्रीत के अनुसार, कैकेयी का किरदार केवल नकारात्मक रूप में नहीं दिखाया गया है, बल्कि उसके फैसलों और भावनात्मक स्थिति को समझने की कोशिश की गई है।
डिजाइनर्स की अपील- फिल्म देखने के बाद बनाएं राय
कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स ने दर्शकों से अपील की है कि वे केवल कुछ झलकियों या तस्वीरों के आधार पर फिल्म को लेकर फैसला न करें। उनका कहना है कि हर कॉस्ट्यूम के पीछे एक कहानी और सोच जुड़ी हुई है, जिसे पूरी फिल्म देखने के बाद बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा।2026 में रिलीज होगी रामायण
करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आने की योजना है।