Crime News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति अपनी ही भाभी की निजता का उल्लंघन किया। आरोप है कि उसने घरेलू काम के दौरान महिला की चोरी-छिपे आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी देवर को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र की केशवाही चौकी अंतर्गत बरंगवां गांव का है। बताया जा रहा है कि देवर और भाभी एक ही परिसर में रहते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी महिला को परेशान करने और बदनाम करने की नीयत से यह कदम उठाया।
घर के आंगन में काम कर रही थी महिला
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, महिला अपने घर के आंगन में रोजमर्रा के घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने दीवार की दूसरी ओर से मोबाइल के जरिए उसकी चोरी-छिपे तस्वीरें और वीडियो बना लिए। आरोप है कि बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जब महिला को इस घटना की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से शिकायत की। पारिवारिक रिश्ते में ही इस तरह निजता भंग किए जाने से पीड़िता को गहरा धक्का लगा। इसके बाद उसने बुढ़ार थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
शिकायत के बाद आरोपी हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुढ़ार पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने अपनी भाभी की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।











