Crime News: खल्लारी थाना अंतर्गत ग्राम कोल्दा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां डीजे डांस प्रतियोगिता देखने गए युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट से शुरू होकर खूनी संघर्ष और चाकुबाजी तक जा पहुंची। इस हिंसक झड़प में ग्राम कोमा के एक नाबालिग युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रतियोगिता स्थल से दूर हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मुख्य प्रतियोगिता स्थल से कुछ दूरी पर हुई। डीजे डांस का आनंद लेने पहुंचे युवाओं के बीच अचानक उपजे तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आंवराडबरी और कन्हारपुरी गांव के कुछ युवकों ने इस पूरी घटना को अंजाम दिया है। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार और डर का माहौल बन गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए तीनों युवकों को तुरंत महासमुंद स्थित सोहम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, घायलों में से एक युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे डॉक्टरों और परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
गांव में पसरा मातम और दहशत
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ग्राम कोल्दा और आसपास के इलाकों में गहरी दहशत और तनाव का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि एक मामूली कार्यक्रम कैसे इतने बड़े अपराध में बदल गया।
पुलिस की कार्रवाई तेज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए ताबड़तोड़ जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मुस्तैद कर दिया गया है।











