Durg Suicide Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक दुखद घटना सामने आई है, आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक कुछ देर पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था। इसके बाद वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में पहुंचा, जहां उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
किस्तों पर खरीदा था iPhone, फिर बेसमेंट में पहुंचा युवक
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब 4:30 बजे की है, मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है। निहाल आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। यहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की। मोबाइल दुकान के संचालक के अनुसार, खरीदारी पूरी होने के बाद निहाल के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। बातचीत करने के बाद वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट की ओर चला गया।
सार्वजनिक शौचालय में मिला युवक का शव
कुछ देर बाद कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में युवक के फांसी लगाने की जानकारी सामने आई। घटना का पता चलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।फोन पर सोशल मीडिया से जुड़ी बात होने की जानकारी
दुकान संचालक के मुताबिक, आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास फोन आया था। बताया गया है कि वह सोशल मीडिया से जुड़ी किसी बात को लेकर बातचीत कर रहा था। हालांकि, फोन पर किससे बात हुई और बातचीत का विषय क्या था, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस बातचीत का घटना से कोई संबंध था या नहीं, इसे लेकर भी फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता अभी नहीं चल सका है, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच और परिजनों के बयान सामने आने के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।












