Raipur News: राजधानी से लगे केंद्री गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान हत्या का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय युवक ने अपने 48 वर्षीय पिता डोमार साहू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिता की शराब पीने की आदत और घर में आए दिन होने वाले विवाद से बेटा परेशान था। घटना के दिन विवाद के दौरान पिता की एक टिप्पणी से वह इतना नाराज हो गया कि उसने हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे डोमेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में घर पहुंचा था पिता
डोमार साहू अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू और बेटे डोमेश साहू के साथ रहता था। जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे डोमार शराब के नशे में घर पहुंचा। इसके बाद पत्नी के साथ उसका विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान डोमेश भी घर आ गया। विवाद के बीच डोमार साहू ने अपनी पत्नी और बेटे के रिश्ते को लेकर गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगा दिए। इस बात से डोमेश नाराज हो गया और उसने अपनी मां के सामने ही चाकू से पिता के गले पर हमला कर दिया। हमले में डोमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े नाले में फेंक दिए। इसके बाद उसने घटना को आत्महत्या का मामला दिखाने की कोशिश की और परिजनों व आसपास के लोगों को पिता की आत्महत्या की जानकारी दी। हालांकि, घटनाक्रम संदिग्ध लगने पर गांव के सरपंच ने रात करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अभनपुर पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।फोरेंसिक जांच में सामने आए अहम साक्ष्य
घटनास्थल की जांच के दौरान मृतक के गले और हाथ पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला आत्महत्या का नहीं लगा। संदेह के आधार पर डोमेश साहू को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपने पिता की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य साक्ष्य बरामद कर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।






