Crime News: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दानिकुंडी में पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने कार्यालय में घुसकर पटवारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दानिकुंडी में पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने कार्यालय में घुसकर पटवारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में पटवारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दानिकुंडी के हल्का नंबर-26 में पदस्थ पटवारी शुद्दू राम कोल अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश गोंड नामक युवक वहां पहुंचा। किसी काम को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर रॉड से किया हमला
आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद युवक ने कार्यालय में रखी लोहे की रॉड उठाकर पटवारी के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल बीच-बचाव कर युवक को रोकने की कोशिश की।
तीन साल से काम लंबित रखने का आरोप
वायरल वीडियो में युवक पटवारी पर पिछले तीन वर्षों से उसका काम नहीं करने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। युवक का यह भी दावा है कि काम कराने के लिए पैसे दिए गए थे, लेकिन न तो काम हुआ और न ही राशि वापस की गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरे पटवारी
सिर पर चोट लगने से पटवारी शुद्दू राम कोल घायल होकर कार्यालय में गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में घायल पटवारी का इलाज जारी है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- इससे जुड़ी खबरें:-Raipur Crime News: चाकू मारकर युवक की हत्या, दो नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार