CRPF Recruitment: खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। CRPF ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल (GD) और कांस्टेबल (GD) के कुल 521 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में बैडमिंटन, बॉक्सिंग, फुटबॉल, शूटिंग, कबड्डी, जूडो, कराटे, वुशु, योग समेत कुल 22 खेलों के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। इस भर्ती के तहत हेड कांस्टेबल (GD) के 182 पद और कांस्टेबल (GD) के 339 पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक वेतन भी दिया जाएगा।
हेड कांस्टेबल (GD) पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-4 के तहत 25,500 रुपए से 81,100 रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा। वहीं कांस्टेबल (GD) पद के लिए पे लेवल-3 के अनुसार 21,700 रुपए से 69,100 रुपए तक वेतन निर्धारित है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 1 अगस्त 2026 तक 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2003 से पहले और 1 जनवरी 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए। खेल प्रतिभाओं को अधिकतम 5 वर्ष तक की आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इसके अलावा आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अतिरिक्त छूट मिलेगी।
लिखित परीक्षा के बिना होगा चयन
CRPF की इस भर्ती में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। इसमें पहचान जांच, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षा (PST), खेल प्रदर्शन परीक्षण (Sports Trial), मेडिकल परीक्षा और रिव्यू मेडिकल परीक्षा शामिल होगी। सामान्य, OBC और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपए रखा गया है। वहीं महिला उम्मीदवारों, SC, ST और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
हेड कांस्टेबल (GD) के लिए योग्यता
हेड कांस्टेबल पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास खेल उपलब्धि होना अनिवार्य है। ऐसे खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो या नेशनल गेम्स में राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश की ओर से भाग लिया हो। इसके अलावा IOA द्वारा आयोजित नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले या कम से कम तीसरा स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी भी पात्र होंगे। इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट, जूनियर नेशनल गेम्स या चैंपियनशिप में गोल्ड या सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी भी आवेदन कर सकते हैं। पूर्व सैनिकों के लिए निर्धारित सैन्य योग्यता मान्य होगी।कांस्टेबल (GD) के लिए योग्यता
कांस्टेबल पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। इस पद के लिए ऐसे खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने जूनियर या सीनियर नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया हो। नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता, स्टेट स्कूल टीम या SGFI स्कूल गेम्स में पदक जीतने वाले अथवा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। इसके अलावा खेलो इंडिया यूथ गेम्स, खेलो इंडिया विंटर गेम्स और यूनिवर्सिटी गेम्स में राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। CRPF की यह भर्ती उन खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा अवसर है, जो खेल क्षेत्र में उपलब्धियों के साथ सुरक्षा बल में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

