Delhi CJP Protest: आज फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम और ट्रैफिक डायवर्जन
Delhi CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार को दिल्ली में फिर प्रदर्शन का ऐलान किया है। सुबह 10 बजे जंतर-मंतर की ओर मार्च प्रस्तावित है। सुरक्षा के मद्देनजर राजधानी में पुलिस बल तैनात किया गया है और कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। हालांकि, दिल्ली मेट्रो सेवाएं सामान्य कर दी गई हैं और कनॉट प्लेस के बाजार भी खुले रहेंगे।
प्रकाशित: 11 Oct 2026, 08:11 AM· 3 मिनट पढ़ने का समय
नई दिल्ली
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Delhi CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राजनीतिक पारा उफान पर है। शनिवार को हुए व्यापक हंगामे और नेताओं की हिरासत के बाद, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार को एक बार फिर सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है। संगठन के शीर्ष नेताओं के हिरासत में जाने के बाद अब आंदोलन की कमान अजिंक्य शिंदे ने संभाल ली है। शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि रविवार सुबह 10 बजे कार्यकर्ता जंतर-मंतर की ओर मार्च करेंगे। इसे देखते हुए राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
जंतर-मंतर पर धारा-163 लागू, 35 हजार से ज्यादा जवान तैनात
राजधानी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में धारा-163 (पुराणी धारा 144) लागू कर दी गई है। पूरी दिल्ली में करीब 35,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि शनिवार को हुए प्रदर्शन में CJP के साथ-साथ कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हुए थे। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत 3,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। आंदोलन के प्रमुख चेहरों—अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका—को हिरासत में लिए जाने के बाद ही अजिंक्य शिंदे ने प्रदर्शन का नेतृत्व संभाला है।
आम जनता के लिए राहत: मेट्रो सेवाएं बहाल, खुले रहेंगे बाजार
प्रदर्शन और भारी सुरक्षा के बीच दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर भी आई है:
मेट्रो सेवा सामान्य: 10 अक्टूबर को सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, सभी इंटरचेंज लाइनें चालू हैं और किसी भी ट्रेन को रद्द करने की योजना नहीं है।
कनॉट प्लेस के बाजार खुलेंगे: नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सुरक्षा कारणों से जो बाजार बंद रखने का फैसला किया था, उसे वापस ले लिया गया है। आज कनॉट प्लेस और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्र सामान्य रूप से खुलेंगे।
जंतर-मंतर में पुलिस बल तैनातट्रैफिक अलर्ट: सुबह 6 बजे से कई रास्तों पर डायवर्जन लागू
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। 11 अक्टूबर सुबह 6 बजे से ही नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
इन प्रमुख चौराहों और रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा:
मध्य व नई दिल्ली के रास्ते: शंकर रोड गोलचक्कर से वंदे मातरम ‘टी’ पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां रोड, मंडी हाउस गोलचक्कर, मिंटो रोड/दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक, और चेम्सफोर्ड रोड।
दक्षिण व वीआईपी इलाके: भैरों रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, मदरसा टी-पॉइंट, सम्राट होटल, सरदार पटेल मार्ग–पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग और सैन मार्टिन मार्ग।
जंतर-मंतर व संसद मार्ग के आसपास: अशोक रोड–जंतर मंतर रोड, विंडसर पैलेस, टॉल्स्टॉय–जनपथ क्रॉसिंग, रेल भवन, पटेल चौक, गोल डाक खाना, RML अस्पताल और कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल (संसद मार्ग व बाराखंभा रोड टी-पॉइंट)।
यात्रियों के लिए सलाह: यदि आज आपको नई दिल्ली या कनॉट प्लेस की तरफ यात्रा करनी है, तो जाम से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन (विशेषकर मेट्रो) का उपयोग करें और प्रभावित मार्गों की जगह वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें।