शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जम्हारी में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर विद्यार्थियों का आंदोलन सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। विद्यार्थियों ने स्कूल में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया और नियमित विषय शिक्षकों की नियुक्ति होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
सोमवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल और तहसीलदार विद्यालय पहुंचे तथा विद्यार्थियों और पालकों से चर्चा कर आंदोलन समाप्त करने की अपील की। अधिकारियों ने वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था का भरोसा भी दिलाया, लेकिन पालक और विद्यार्थी स्थायी विषय शिक्षकों की नियुक्ति की मांग पर अड़े रहे।
दो शिक्षकों के स्थानांतरण से बिगड़ी पढ़ाई व्यवस्था
शाला विकास समिति के अध्यक्ष नोहर डड़सेना ने बताया कि विद्यालय से दो स्थायी शिक्षकों के स्थानांतरण और पदोन्नति के बाद पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले 16 वर्षों से पालकों के सहयोग से तीन दैनिक वेतनभोगी शिक्षकों की व्यवस्था की जाती रही है, लेकिन अब स्थायी शिक्षकों के चले जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई संकट में आ गई है। उनका कहना है कि शिक्षा विभाग को किसी अन्य विद्यालय से नियमित विषय शिक्षकों की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। पालकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे अपने बच्चों का स्थानांतरण प्रमाण पत्र लेकर अन्य विद्यालयों में प्रवेश दिलाएंगे। कई विद्यार्थियों ने इसके लिए आवेदन भी कर दिया है। उनका कहना है कि बोर्ड परीक्षा को देखते हुए पढ़ाई का नुकसान उठाना उचित नहीं है।गणित-अर्थशास्त्र शिक्षकों की मांग
पालकों का आरोप है कि विद्यालय में विषय विशेषज्ञों के बजाय अन्य शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उनकी मांग है कि उच्च माध्यमिक स्तर के गणित, अर्थशास्त्र और अन्य विषयों के योग्य शिक्षकों की नियमित नियुक्ति की जाए। पांच दिनों से जारी आंदोलन के कारण विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार बाधित बनी हुई है।
इससे जुड़ी खबरे पढ़े...https://keertiman.com/hi/article/parents-street-lockdown-jamhari-school-over-lack-teachers-parents-students-protest