Department of Minerals: राजनांदगांव जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम बीजाभांठा में अवैध मुरूम उत्खनन की शिकायत पर टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे चैन माउंटेन और लोडर वाहन को जब्त किया गया। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बीजाभांठा पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने टीम को बताया कि गांव के कुछ लोगों की सहमति से अमलीडीह टोलागांव निवासी संजय कठोलिया को मुरूम उत्खनन के लिए जगह दी गई थी।
बिना अनुमति मुरूम का परिवहन
मौके की जांच में सामने आया कि मुरूम उत्खनन के दौरान ग्राम बीजाभांठा स्थित भांठा तालाब की करीब 15.20 फीट लंबी मेड को तोड़ दिया गया। इसके अलावा निकाले गए मुरूम का बिना वैध अनुमति के अन्य स्थानों पर परिवहन किए जाने की जानकारी भी सामने आई। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से चैन माउंटेन (सीरियल नंबर एसपी 20-68034, मॉडल ईएक्स 200-5जी) और चैन माउंटेन लोडर वाहन क्रमांक CG 04 JD 1520 को जब्त किया। दोनों वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच की सुपुर्दगी में दिया गया है।संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
कार्रवाई के दौरान डोंगरगांव के नायब तहसीलदार, पटवारी, खनिज विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। विभाग की ओर से जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

