दुर्ग पुलिस ने भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के एक गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी पुलिस ने की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन, छह मोबाइल फोन और नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपए बताई गई है।
एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरमीत सिंह रंधावा नामक युवक पंजाब से हेरोइन मंगाकर अपने साथियों के जरिए भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में इसकी सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने शंकराचार्य अस्पताल के पीछे घेराबंदी की और मौके से सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया।
पंजाब से मंगाकर स्थानीय स्तर पर बेचते थे नशा
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से करीब 3 हजार रुपए प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदता था। इसके बाद इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में करीब 6 हजार रुपए प्रति ग्राम की कीमत पर बेचता था। पुलिस के अनुसार गिरोह मुख्य रूप से युवाओं और नशे के आदी लोगों को निशाना बनाकर चिट्टा की सप्लाई करता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 18 ग्राम हेरोइन, छह मोबाइल फोन और नशा सेवन में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त की है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल फोन की जांच से गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल डेटा, वित्तीय लेन-देन और संपर्कों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायर, ग्राहक और सहयोगी कौन हैं तथा यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
- गुरमीत सिंह रंधावा (26), विवेकानंद नगर, सुपेला
- गगनदीप सिंह (29), हाउसिंग बोर्ड, जामुल
- शुभम कुमार बैस (29), हाउसिंग बोर्ड, जामुल
- जी. विनित (30), सेक्टर-4, भिलाई
- उत्तम सिंह उर्फ बॉबी (28), कैंप-2, छावनी
- अब्दुल कादिर (34), प्रगति नगर, जामुल
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख), 27 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।