मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दुखद खबर सामने आई है। NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई थी, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार छात्रा अवंतिका मौर्य अपनी बड़ी बहन के साथ इंदौर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। परिवार के लोगों ने बताया कि वह लंबे समय से डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी और कई बार परीक्षा दे चुकी थी। हाल ही में NEET-UG परीक्षा रद्द होने के बाद वह काफी परेशान और तनाव में दिखाई दे रही थी।
किया अस्पताल रेफर
परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसके व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा था। वह कम बातचीत कर रही थी और ज्यादातर समय चुप रहती थी। गुरुवार रात अचानक हुई घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
छात्रा के पिता सरकारी स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद थे, लेकिन पूरी परिस्थितियों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मोबाइल और कॉल रिकॉर्ड की जांच
भंवरकुआं थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।परिवार और दोस्तों ने बताया मेहनती छात्रा
परिवार और दोस्तों के मुताबिक अवंतिका पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थी। उसका लक्ष्य MBBS में प्रवेश लेना था। परिजनों ने बताया कि परीक्षा को लेकर वह काफी उम्मीद लगाए बैठी थी। परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।