DU AVASAR: छात्रों के लिए नौकरी और इंटर्नशिप पाने का बड़ा मौका है। DU AVASAR 2026 प्लेसमेंट ड्राइव 7 अक्टूबर 2026 को नॉर्थ कैंपस में आयोजित किया जाएगा, कार्यक्रम के लिए छात्रों को सुबह 9 बजे मल्टीपर्पस हॉल, गेट नंबर 2, नॉर्थ कैंपस में रिपोर्ट करना होगा। खास बात यह है कि इस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने के लिए कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं है, अब तक 4 हजार से ज्यादा छात्र रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जबकि 85 से अधिक कंपनियों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है, वहीं, कुछ जॉब प्रोफाइल में 10 लाख रुपए से ज्यादा का सालाना पैकेज और इंटर्नशिप के लिए 60 हजार रुपए प्रति माह तक स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है।
क्या है DU AVASAR ?
DU AVASAR दिल्ली यूनिवर्सिटी का प्लेसमेंट और इंटर्नशिप फेयर है। इसका आयोजन यूनिवर्सिटी के सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (CPC) और डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW) के कार्यालय की ओर से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को अलग-अलग कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का अवसर देना है, ताकि वे अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी और इंटर्नशिप के विकल्प तलाश सकें।
कौन-कौन छात्र ले सकते हैं हिस्सा?
AVASAR 2026 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के विभिन्न पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं, इसमें बैचलर डिग्री, पोस्टग्रेजुएशन और पीएचडी कर रहे विद्यार्थियों के साथ-साथ कुछ अन्य DU-affiliated student categories को भी शामिल किया गया है। DU के पूर्व छात्र, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) और NCWEB के विद्यार्थी भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं, इस प्लेसमेंट फेयर में शामिल होने के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, यानी रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार बिना किसी अतिरिक्त फीस के ड्राइव में हिस्सा ले सकते हैं।
प्लेसमेंट ड्राइव में क्या लेकर जाना होगा?
जिन छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, उन्हें आयोजन स्थल पर कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाने होंगे। इनमें शामिल हैं:
- अपडेटेड रिज्यूम या CV की कई कॉपियां
- आधार कार्ड
- कॉलेज आईडी या वैध पहचान पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी साथ रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें संबंधित कंपनी के सामने प्रस्तुत किया जा सके।
कब और कहां होगा
दिल्ली यूनिवर्सिटी का AVASAR 2026 प्लेसमेंट ड्राइव 7 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
समय: सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक
स्थान: मल्टीपर्पस हॉल, G.C. नारंग मार्ग, गेट नंबर 2 के पास, नॉर्थ कैंपस, दिल्ली यूनिवर्सिटी
10 लाख से ज्यादा का पैकेज, इंटर्नशिप में 60 हजार तक स्टाइपेंड
DU के अनुसार, इस प्लेसमेंट ड्राइव में उपलब्ध नौकरियों में सबसे ज्यादा सालाना सैलरी पैकेज 10 लाख रुपए से अधिक हो सकता है। वहीं, इंटर्नशिप के लिए अधिकतम 60 हजार रुपए प्रति माह तक का स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है।
हालांकि, हर छात्र को मिलने वाली सैलरी या स्टाइपेंड अलग-अलग होगा। यह कंपनी, जॉब प्रोफाइल, उम्मीदवार की योग्यता और चयन प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
85 से ज्यादा कंपनियां होंगी शामिल
DU के सेंट्रल प्लेसमेंट सेल के मुताबिक, AVASAR 2026 में 85 से ज्यादा कंपनियों और संस्थानों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें स्प्रिक्स जापान, टीच फॉर इंडिया, कोटक लाइफ, पीपीजी फाउंडेशन, इन्फ्लुंजियो, सुरासा, डियर सर ई-लर्निंग, कैम्ब्रिज स्कूल, भारती भवन, अनथिंकेबल सॉल्यूशंस, मुथूट फाइनेंस, वर्डिक्टो, कनेक्ट जॉब्स, एलएसएसएसडीसी, इंटेलेक्सिया टेक और हेजलनट साइबॉर्ग इंफ्रा सॉल्यूशंस। समेत कई नाम शामिल हैं। अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों के शामिल होने से छात्रों को पारंपरिक कैंपस प्लेसमेंट के अलावा कई तरह की जॉब प्रोफाइल और इंटर्नशिप के विकल्प देखने का मौका मिलेगा।
छात्रों और कंपनियों के बीच बेहतर कनेक्शन पर जोर
दिल्ली यूनिवर्सिटी की इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों और संभावित नियोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क बढ़ाना है। एक ही जगह पर बड़ी संख्या में कंपनियों की मौजूदगी से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के मुताबिक अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है। 4 हजार से अधिक छात्रों के पहले ही रजिस्ट्रेशन कराने के बाद अब नजर 7 अक्टूबर को होने वाले इस प्लेसमेंट ड्राइव पर है।
