Durg Crime News: अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला को चाकू दिखाकर मंगलसूत्र लूटने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। दोनों आरोपियों ने झीट-खुड़मुड़ी मुख्य मार्ग पर महिला को बाइक से रोककर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को रायपुर के भाठागांव इलाके से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, घटना 8 सितंबर की शाम की है। ग्राम झीट निवासी महिला अपनी सहेली के साथ नए क्रिकेट मैदान से काम खत्म कर घर लौट रही थी।
इसी दौरान वह पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर पहुंची, तभी पाटन की ओर से बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला के पास बाइक रोक दी। बाइक पर पीछे बैठे आरोपी ने नीचे उतरकर महिला को चाकू दिखाया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। अचानक हुई इस घटना से महिला डर गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद महिला ने अमलेश्वर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सड़क पर हुई इस वारदात में आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती थी, लेकिन टीम ने आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। अमलेश्वर पुलिस और साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास करते हुए दोनों नाबालिगों को रायपुर के भाठागांव इलाके में घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने महिला से लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया।राहगीरों को रोककर करते थे लूट
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बाइक से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। वे लोगों को रास्ते में रोककर चाकू दिखाते और डराकर गहने व अन्य सामान लूट लेते थे। पुलिस अब उनके पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार सोने की बूंद, दो सोने के लॉकेट, एक मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर बाइक और चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए है। इसमें सोने की चार बूंदों की कीमत लगभग 35 हजार रुपये, दो लॉकेट की कीमत करीब 20 हजार रुपए, मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपए और बाइक की कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
