Raigarh Factory Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक फैक्ट्री में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में 30 फीट की ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे एक मजदूर की गिरने से मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि मजदूर को काम के दौरान हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। मामले में पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह घटना 15 अप्रैल की बताई जा रही है।
लाखा स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले 50 वर्षीय मीर हसन सुबह के समय करीब 30 फीट ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद फैक्ट्री में मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत इसकी जानकारी प्रबंधन को दी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान मीर हसन की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के बेटे मोहम्मद नदीम और फैक्ट्री में साथ काम करने वाले मजदूरों शिवम तिवारी, मदन कुमार और अमित सिंह के बयान दर्ज किए।सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप
पुलिस जांच में गवाहों ने बताया कि फैक्ट्री के सुपरवाइजर आशिफ खान (30), निवासी तेवरा गांव, उत्तर प्रदेश, द्वारा मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के काम कराया जा रहा था। मजदूर मीर हसन को ऊंचाई पर काम करने के दौरान हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट और अन्य आवश्यक उपकरण नहीं दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यह हादसा हुआ। मर्ग जांच के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने सुपरवाइजर आशिफ खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 289 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
