Durg Lightning Accident: छत्तीसगढ़ में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के बीच दुर्ग जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम मोहंदी के पास आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की चपेट में आया पेड़ भी बिजली गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह घटना दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लिटिया चौकी इलाके की है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 30 वर्षीय गजराज साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गजराज साहू अपने साथी संजय ठाकुर के साथ बारिश के दौरान खैरागढ़-दुर्ग मार्ग से गुजर रहा था। इसी बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते दोनों युवक बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे मौजूद एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
बिजली गिरते ही मौके पर मची अफरा-तफरी
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी, जिसके नीचे दोनों युवक खड़े थे। बिजली की चपेट में आने से गजराज साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, संजय ठाकुर गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि बिजली गिरने की ताकत इतनी अधिक थी कि पेड़ का एक हिस्सा भी फट गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।घायल युवक का दुर्ग जिला अस्पताल में इलाज जारी
सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल संजय ठाकुर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
