Durg Road Accident: रक्षाबंधन का त्योहार परिवारों के लिए खुशियां लेकर आया, लेकिन दुर्ग जिले में दो परिवारों के लिए यह दिन बेहद दर्दनाक साबित हुआ। जिले में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में 3 साल के बच्चे और 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दुर्घटनाओं में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पहली दुर्घटना नंदिनी थाना क्षेत्र में कुम्हारी-अहिवारा मुख्य मार्ग पर जियो पेट्रोल पंप के पास हुई। कुम्हारी के रामनगर निवासी करीब 30 वर्षीय कोमल प्रसाद साहू अपने 3 साल के बेटे दिनेश कुमार साहू के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दिनेश कुमार की मौत हो गई। वहीं, कोमल प्रसाद की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर एम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और कार चालक की लापरवाही के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ससुराल से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
दूसरी दुर्घटना अंडा थाना क्षेत्र के जंजगिरी रोड पर शैलदेवी महाविद्यालय के आगे हुई। नेवई भाठा निवासी 25 वर्षीय योगेश यादव रक्षाबंधन के मौके पर पत्नी संगीता और एक साल के बच्चे के साथ माहूद स्थित ससुराल गए थे। राखी का कार्यक्रम पूरा होने के बाद योगेश अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जंजगिरी रोड पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में योगेश को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी पत्नी और एक साल का बच्चा सुरक्षित बताए जा रहे हैं।पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
अंडा थाना पुलिस ने मामले में BNS की धारा 281, 125(A), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई शुरू की है। वहीं नंदिनी थाना क्षेत्र में हुए हादसे की भी जांच जारी है। पुलिस टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।







