Durga Puja: शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर लोरमी में मां दुर्गा की आराधना के लिए मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़। सुबह से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान प्राचीन महामाया मंदिर समेत नगर के विभिन्न पंडालों में हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। लोरमी पुलिस ने भी धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाते हुए थाना परिसर स्थित दुर्गा पंडाल में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।
महामाया मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
महाष्टमी के अवसर पर लोरमी का माहौल भक्तिमय रहा। प्राचीन सिद्धपीठ महामाया मंदिर में सुबह से माता के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे। मंदिर में पूजा-अर्चना करके भक्तों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। शहर के अलग-अलग दुर्गा पंडालों में विशेष पूजा, हवन और महाआरती संपन्न हुआ।
थाना परिसर में पुलिस ने आयोजित किया भंडारा
महाष्टमी के मौके पर लोरमी पुलिस थाना परिसर में स्थिति मां जगजननी के पंडाल में विशेष पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और महाप्रसाद ग्रहण किया। पुलिस की इस पहल को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता के रूप में देखा गया।अधिकारियों ने अपने हाथों से वितरित किया महाप्रसाद
भंडारे के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी धीरही, लोरमी थाना प्रभारी पवन देवांगन और थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों को सेवा करते देख स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। इस आयोजन के जरिए पुलिसकर्मियों ने धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा, आपसी सौहार्द और सामाजिक जुड़ाव का संदेश दिया।







