England vs Sri Lanka: वनडे सीरीज की शानदार शुरुआत की है। तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम ने श्रीलंका को 89 रन से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली। इंग्लैंड की धरती पर खेले गए इस मुकाबले में जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद थी, वहीं स्पिन गेंदबाजों ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। इंग्लैंड के पार्ट टाइम स्पिनर विल जैक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। विल जैक्स ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अहम योगदान दिया। उन्होंने नाबाद 46 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। वहीं कप्तान हैरी ब्रूक इंग्लैंड की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 67 रन बनाए।
इंग्लैंड ने खड़ा किया 265 रन का स्कोर
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को शुरुआत में ही झटका लगा और टॉम बैंटन 16 रन के कुल स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। हालांकि, कप्तान हैरी ब्रूक (67 रन), जो रूट (44 रन) और विल जैक्स (नाबाद 46 रन) की पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने 48.1 ओवर में 265 रन का स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की तरफ से अशिथा फर्नांडो और सचिंदू कोलंबेज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
श्रीलंकाई बल्लेबाजी रही नाकाम
266 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम का पहला विकेट 27 रन के स्कोर पर गिर गया। इसके बाद बल्लेबाज टिककर प्रदर्शन नहीं कर सके और 100 रन तक पहुंचते-पहुंचते आधी टीम पवेलियन लौट गई। दुनिथ वेलालगे ने 45 रन और कुशल मेंडिस ने 42 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाजों से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला। पूरी श्रीलंकाई टीम 37 ओवर में 176 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए, जबकि जेमी ओवरटन ने 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।जो रूट ने बनाया खास रिकॉर्ड
इस मुकाबले में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। आउट होने से पहले उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 23 हजार रन पूरे कर लिए। रूट यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के आठवें बल्लेबाज बन गए। श्रीलंका के लिए डेब्यू कर रहे लेग स्पिनर सचिंदू कोलंबेज ने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में जो रूट और जोस बटलर जैसे बड़े खिलाड़ियों के विकेट हासिल किए। उनकी अनोखी गेंदबाजी शैली और गेंद में मिलने वाली ड्रिफ्ट ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने वनडे सीरीज में बढ़त बना ली है, जबकि श्रीलंका के लिए इंग्लैंड दौरा लगातार मुश्किल साबित हो रहा है। इससे पहले टी20 सीरीज में भी श्रीलंकाई टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

