छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में सरकारी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक से मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले वायरल हुए वीडियो में एक युवती प्रोफेसर को थप्पड़ मारते हुए नजर आई थी। अब इस मामले में प्रोफेसर की शिकायत पर पुलिस ने युवती के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजीव गांधीनगर निवासी रेमन भार्गव (43) वर्तमान में भागीरथी पटेल कॉलोनी लैलूंगा में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ हैं।
युवती से घरेलू संबंध होने की कही बात
रेमन भार्गव ने अपनी शिकायत में बताया कि उसी कॉलोनी में रहने वाली काजल मिंज नामक युवती का उनके घर आना-जाना था। इसी वजह से दोनों के बीच घरेलू संबंध जैसे व्यवहार थे। प्रोफेसर ने पुलिस को बताया कि काजल मिंज ने उनसे उधार में रुपये मांगे थे, लेकिन उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब भी दोनों की मुलाकात होती, युवती फिर से रुपये की मांग करती थी। रुपये नहीं देने पर वह कथित रूप से गाली-गलौज करती थी। रेमन भार्गव के अनुसार 30 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे काजल मिंज ने उनसे फिर रुपये मांगे। मना करने पर विवाद बढ़ गया और युवती ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने उनका कॉलर पकड़कर तीन-चार थप्पड़ मार दिए। इस दौरान उनकी पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं, जिन्होंने बीच-बचाव किया। प्रोफेसर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि युवती ने उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी। इसके डर से वह लैलूंगा छोड़कर रायगढ़ आ गए थे। इसके बाद बुधवार को वह अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।युवती के खिलाफ इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने रेमन भार्गव की शिकायत पर काजल मिंज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मामले में एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें युवती ने राजीनामा के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया था। इसके बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने पिछले मंगलवार को प्रोफेसर रेमन भार्गव के खिलाफ भी BNS की धारा 78 और 79 के तहत मामला दर्ज किया था।लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि बुधवार को रेमन भार्गव की शिकायत पर युवती के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।