Averted a Disaster: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में स्थित फिजिक्स वाला कोचिंग सेंटर में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। घटना स्मृति नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित फिजिक्स वाला सेंटर की बताई जा रही है, आग लगने की जानकारी मिलते ही सेंटर में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन कर्मचारियों ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हुई।
सेंटर हेड तापस चौधरी के मुताबिक, आग वाटर कूलर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी, बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के बाद वाटर कूलर के आसपास आग दिखाई दी, जिसके बाद सेंटर प्रबंधन ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया। कर्मचारियों की तत्परता से आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित कर लिया गया और उसे फैलने का मौका नहीं मिला, इससे कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों को भी राहत मिली।
घटना के वक्त क्लास में मौजूद थे छात्र
जानकारी के अनुसार, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त कोचिंग सेंटर में छात्र अपनी नियमित कक्षाओं में मौजूद थे, आग की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती गई और कर्मचारियों ने तत्काल जरूरी कदम उठाए। राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में किसी छात्र, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हर महीने दी जाती है फायर सेफ्टी की ट्रेनिंग
सेंटर हेड तापस चौधरी ने बताया कि कोचिंग सेंटर में कर्मचारियों को हर महीने फायर सेफ्टी की ट्रेनिंग दी जाती है। इस ट्रेनिंग के दौरान आग लगने की स्थिति में किस तरह तुरंत प्रतिक्रिया देनी है और फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कैसे करना है, इसकी जानकारी दी जाती है। नियमित प्रशिक्षण का फायदा घटना के दौरान भी देखने को मिला, जब कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की।समय रहते टला बड़ा हादसा
आग पर शुरुआती स्तर पर ही काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। अगर आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों के बीच स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती थी। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद सेंटर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही गई है।

