फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने डाबर इंडिया के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कंपनी को उन सभी की बिक्री तत्काल रोकने के निर्देश दिए हैं, जिन पर 100 फीसदी यानी शत प्रतिशत होने का दावा किया गया है। FSSAI ने कंपनी को इस कार्रवाई के संबंध में 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट भी जमा करने को कहा है।
FSSAI के निर्देश का असर डाबर के कई उत्पादों पर पड़ेगा। इनमें डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर, ऑर्गेनिक शहद, होममेड नारियल का दूध, तिल का तेल और गाय का घी जैसे प्रोडक्ट्स शामिल हैं। इन उत्पादों की पैकेजिंग और प्रचार में 100% नेचुरल, 100% प्योर, 100% ऑर्गेनिक और 100% प्योरिटी गारंटी जैसे दावे किए गए थे।
FSSAI ने बताया भ्रामक और अस्पष्ट दावा
फूड रेगुलेटर जैसे 100 फीसदी दावे स्पष्ट नहीं हैं और इनकी प्रमाणिकता को साबित करना मुश्किल है। ऐसे दावे उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं। FSSAI के अनुसार, इस तरह के दावे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस, 2018 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हैं।
पहले भी जारी किया गया था नोटिस
FSSAI ने बताया कि डाबर इंडिया को इससे पहले भी ऐसे दावों को हटाने और नियमों का पालन करने के लिए निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ प्रोडक्ट्स पर इस तरह के दावे जारी रहने के बाद अब रेगुलेटर ने बिक्री रोकने का आदेश दिया है।
वेबसाइट पर भी मौजूद थे कई दावे
FSSAI के अनुसार, डाबर की वेबसाइट पर कुछ प्रोडक्ट्स के लिए 100% नेचुरल, 100% प्योर, 100% ऑर्गेनिक, 100% प्योरिटी गारंटीड और 100% टेंडर कोकोनट वॉटर जैसे दावे दर्ज थे। रेगुलेटर ने इन दावों को उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाला बताया है।
ऑर्गेनिक लोगो के इस्तेमाल पर भी उठे सवाल
FSSAI ने डाबर के कुछ ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स पर जैविक भारत लोगो के इस्तेमाल को लेकर भी आपत्ति जताई है। रेगुलेटर का आरोप है कि डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर इस लोगो का उपयोग नियमों के अनुरूप नहीं था।
15 दिन में देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
FSSAI ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह सभी संबंधित प्रोडक्ट्स पर किए गए दावों की समीक्षा करे, बिक्री रोकने की कार्रवाई करे और 15 दिनों के अंदर इसकी रिपोर्ट सौंपे। रेगुलेटर ने साफ किया है कि खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ता हितों से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।