जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक साधारण दिखने वाले घर की बाड़ी के भीतर अवैध गांजे की खेती का बड़ा खुलासा हुआ। साड़ी और प्लास्टिक नेट की आड़ में लंबे समय से चल रही इस गुप्त खेती ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। मामला थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली का है, जहां एक व्यक्ति अपने ही घर के आंगन को नशे की अवैध खेती का अड्डा बना रहा था।
दिनांक 26 मई 2026 को पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खिखिर टोली निवासी 58 वर्षीय विजय सिंह अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी ने पौधों को छिपाने के लिए चारों ओर प्लास्टिक नेट और साड़ी का घेरा बना रखा है ताकि किसी को शक न हो।सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला ऑपरेशन आघात
इस पूरे ऑपरेशन को डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना लोदाम पुलिस, गवाहों और एफएसएल टीम की संयुक्त कार्रवाई में मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने पूरी सतर्कता के साथ बाड़ी की तलाशी शुरू की, जहां छिपे हुए गांजे के पौधे देखकर सभी अधिकारी भी चौंक गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बाड़ी से कुल 40 गांजे के पौधे बरामद किए। इनमें 18 बड़े और 22 छोटे पौधे शामिल थे। बड़े पौधों की ऊंचाई करीब 4 फीट 7 इंच तक पाई गई, जबकि छोटे पौधे लगभग 2 फीट लंबे थे। जड़, तना और पत्तियों सहित कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है। यह बरामदगी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।आरोपी ने किया अपराध स्वीकार, NDPS एक्ट में केस दर्ज
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी विजय सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना लोदाम में उसके खिलाफ धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस अवैध खेती के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस की सख्त चेतावनी – नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह घर के भीतर ही क्यों न छिपाकर किया जा रहा हो।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत किया जा सके।
