Garbage Fine: शहर को साफ-सुथरा रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर लगाम लगाने के लिए जगदलपुर नगर निगम ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। अब सड़क, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकना लोगों को महंगा पड़ सकता है। निगम ऐसे लोगों पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाएगा। वहीं, नियम तोड़ने वालों की जानकारी देने वाले जागरूक नागरिकों को भी 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
कचरा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला किया गया है। निगम ने इस अभियान में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए इनाम की व्यवस्था भी की है। योजना के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकते हुए दिखाई देता है, तो उसकी जानकारी नगर निगम को दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
स्वच्छता के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी
इस फैसले पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की आदत पर रोक लगाने के लिए लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों को हतोत्साहित करना है। अब देखना होगा कि जुर्माने और इनाम की यह व्यवस्था जगदलपुर में कितनी प्रभावी साबित होती है और शहर की सफाई व्यवस्था में कितना बदलाव ला पाती है।






