Gorela Murder Case: गौरेला थाना इलाके के अंजनी गांव में झाड़ियों के बीच मिली महिला की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। कत्ल के इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति को ही गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के पूर्णिया (थाना रूपौली) का रहने वाला सुमित कुमार यादव (32 वर्ष) अंजनी स्थित जेपी एग्रोटेक में मजदूरी करता है।
बहस के बाद शुरू हुई हाथापाई
नौ सितंबर की रात करीब दो बजे जब सुमित की नींद खुली तो उसकी पत्नी लक्ष्मी कुमारी कमरे में नहीं थी। जब वह उसे ढूंढने बाहर निकला, तो उसने लक्ष्मी को अपने ही एक परिचित जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। यह देखते ही सुमित आपा खो बैठा और जितेंद्र को मारने दौड़ा, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पत्नी के इस कदम से बौखलाए सुमित और लक्ष्मी के बीच तीखी बहस और हाथापाई शुरू हो गई।
शव को झाड़ियों में छिपाया
गुस्से में आकर सुमित ने घर में रखे लोहे के चाकू से लक्ष्मी के गले पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की नीयत से शव को पास की झाड़ियों में छिपा दिया और खुद अनजान बनने का नाटक करने लगा। झाड़ियों में शव पड़े होने की जानकारी सबसे पहले जेपी एग्रोटेक के अन्य मजदूरों ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू की।
न्यायिक रिमांड पर भेज दिया जेल
शुरुआत में आरोपी पति पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई और फॉरेंसिक साक्ष्य सामने रखे गए, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य जब्त कर आरोपी सुमित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 238(ख) (साक्ष्य मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

