छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रही मां और उसकी नाबालिग बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पतरापारा की है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रमोद कुमार टेकाम (22) ने बताया कि उनकी परिजन मानती टेकाम (33) अपनी 14 वर्षीय बेटी विमला टेकाम के साथ खेत में काम करने गई थीं।
बिजली गिरने से मां बेटी की मौत
दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों खेत के पास स्थित सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में मां और बेटी आ गईं। बिजली का झटका इतना तेज था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील की
पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार बदलते मौसम और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश या गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसी परिस्थितियों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा अधिक रहता है।