Hanuman Ansh Box Office: फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने शुरुआती अनुमान लगाने वालों को हैरान कर दिया है। रिलीज के समय कई लोगों ने इसे कमजोर फिल्म माना था, लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों का प्यार मिलने के बाद फिल्म की कमाई लगातार बढ़ती गई। रिलीज के 40वें दिन भी फिल्म मजबूत पकड़ बनाए हुए है।
फिल्म ने अब तक वर्ल्डवाइड करीब 291 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई लगभग 272 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। फिल्म की सफलता से पूरी टीम बेहद खुश है और इसे दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
फिल्म से पहले भी आध्यात्मिक यात्रा पर निकली थीं अनुप्रिया
अनुप्रिया नागर ने बताया था कि फिल्म के निर्माण से पहले वह संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने गई थीं। उनका मानना है कि आध्यात्मिक प्रेरणा ने उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का हौसला दिया। सिर्फ 21 साल की उम्र में फिल्म प्रोडक्शन से जुड़ीं अनुप्रिया ने इस प्रोजेक्ट में अपना बड़ा निवेश किया। उन्होंने अपनी ब्रिटेन की कमाई का एक बड़ा हिस्सा फिल्म बनाने में लगाया।
कैंची धाम पहुंचीं प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, बाबा नीम करोली से लिया आशीर्वाद
फिल्म की सफलता के बाद इसकी निर्माता अनुप्रिया नागर बाबा नीम करोली महाराज का आशीर्वाद लेने कैंची धाम पहुंचीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर मंदिर परिसर से अपनी तस्वीर शेयर की, जिसमें वह हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। अनुप्रिया की इस तस्वीर से साफ झलक रहा है कि वह फिल्म को मिल रही सफलता और दर्शकों के प्यार से काफी भावुक हैं। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई। जय महाराज जी। जय हनुमान।"तीन महिलाओं ने मिलकर बनाया 'हनुमान अंश'
'हनुमान अंश' का निर्माण तीन महिलाओं ने मिलकर किया है। फिल्म के बजट का लगभग दो तिहाई हिस्सा निर्माताओं ने खुद लगाया था। अनुप्रिया इस फिल्म से भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने इसकी सफलता को किसी चमत्कार से कम नहीं बताया है। मुंबई में जन्मीं अनुप्रिया ने ब्रिटेन में पढ़ाई की है। वह इकोनॉमिस्ट, आर्टिस्ट और फिल्म प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुकी हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि बाबा नीम करोली महाराज की भक्ति से प्रेरित होकर उन्होंने इस फिल्म से जुड़ने का फैसला किया।
2 करोड़ के बजट वाली फिल्म पहुंची 300 करोड़ क्लब के करीब
'हनुमान अंश' की कहानी किसी फिल्मी चमत्कार से कम नहीं रही। करीब 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी यह फिल्म अब 300 करोड़ रुपए के क्लब में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। शुरुआत में फिल्म को लेकर ज्यादा चर्चा नहीं थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया और दर्शकों की प्रतिक्रिया ने इसकी लोकप्रियता को तेजी से बढ़ा दिया। देखते ही देखते फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल आया और यह साल की चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई।तीन हिस्सों में बनेगी फिल्म की कहानी
'हनुमान अंश' का निर्देशन और लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में चंदन आनंद सहित कई कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। मेकर्स ने इस फिल्म को तीन भागों में बनाने की योजना बनाई है। पहले पार्ट की सफलता के बाद अब दर्शकों को इसके अगले भाग का बेसब्री से इंतजार है।

