गर्मियों में हल्का, ठंडा और चटपटा खाने का मन अक्सर करता है। ऐसे में अगर घर पर ही बाजार जैसी स्वादिष्ट चाट मिल जाए तो बात ही अलग हो जाती है। आलू टिक्की, दही भल्ले और गोलगप्पों के अलावा दिल्ली की गलियों में मिलने वाली पालक पत्ता चाट भी लोगों को काफी पसंद आती है। पालक की सब्जी, पराठा या पकौड़े तो लगभग हर घर में बनते हैं, लेकिन कुरकुरे पालक के पत्तों पर मीठी दही, इमली की चटनी और पुदीने की चटनी डालकर तैयार की गई चाट का स्वाद हि अलग होता है। यह रेसिपी खाने में चटपटी होने के साथ दिखने में भी काफी आकर्षक लगती है। घर आए मेहमानों को परोसने या शाम की चाय के समय हल्के-फुल्के नाश्ते के रूप में यह चाट एक बेहतरीन विकल्प है।
पालक पत्ता चाट बनाने के लिए सामग्री
पालक के पकौड़ों के लिए
- पालक के बड़े पत्ते – 12
- बेसन – 1 कप
- हरी मिर्च बारीक कटी – 1
- अदरक बारीक कटा – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी – आधा छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – जरूरत के अनुसार
- तेल – तलने के लिए
मीठी दही के लिए
- दही – 1 कप
- चीनी – 3 बड़े चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- काला नमक – एक चौथाई छोटा चम्मच
इमली की चटनी के लिए
- इमली का गूदा – 1 कप
- चीनी – 4 बड़े चम्मच
- काला नमक – 1 छोटा चम्मच
- पानी – डेढ़ कप
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- भुना जीरा पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
सजाने के लिए
- पुदीने की चटनी
- अंगूर – 1 कप
- केला – 1
- खरबूजे के बीज – एक मुट्ठी
- चाट मसाला – जरूरत के अनुसार
ऐसे बनाएं कुरकुरी पालक पत्ता चाट
सबसे पहले पालक के पत्तों को अच्छी तरह धोकर कपड़े या टिश्यू से सुखा लें। पत्तों पर पानी रह गया तो तलते समय तेल उछल सकता है।
अब एक बड़े बर्तन में बेसन डालें। इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, कटी हरी मिर्च और अदरक मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मध्यम गाढ़ा घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला न हो, वरना पालक के पत्तों पर बेसन की परत ठीक से नहीं चढ़ेगी।
कड़ाही में तेल गर्म करें। पालक के पत्तों को बेसन के घोल में डुबोएं और गर्म तेल में डालकर सुनहरा व कुरकुरा होने तक तल लें। तैयार पत्तों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
मीठी दही तैयार करने के लिए दही में चीनी, नमक और काला नमक मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। इसे कुछ देर के लिए ठंडा होने रख दें।
इमली की चटनी बनाने के लिए पैन में इमली का गूदा, चीनी, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर, नमक और पानी डालें। इसे धीमी आंच पर करीब 15 से 18 मिनट तक पकाएं। चटनी हल्की गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें। ठंडी चटनी में कटे हुए अंगूर, केला और खरबूजे के बीज मिला दें। अब सर्विंग प्लेट में कुरकुरे पालक के पत्ते रखें। इनके ऊपर मीठी दही, इमली की चटनी और पुदीने की चटनी डालें। ऊपर से चाट मसाला छिड़कें और तुरंत परोस दें।
स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स
पालक के पत्तों को तलने के बाद ज्यादा देर तक खुला न रखें, क्योंकि वे नरम हो सकते हैं। चाट को परोसने से ठीक पहले ही दही और चटनी डालें। चाहें तो ऊपर से अनार के दाने, बारीक सेव या थोड़ी कटी प्याज डालकर इसका स्वाद और बढ़ाया जा सकता है।
