अवैध प्लॉटिंग : राजिम में भू-माफियाओं का दुस्साहस, सरकारी जमीन और जलस्रोतों पर कब्जे का आरोप
Summary:
छत्तीसगढ़ के राजिम में अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफिया कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन कॉलोनी काटने के साथ तालाब और सिंचाई नहर को भी पाटकर रास्ते बना रहे हैं। शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
कीर्तिमान डेस्क
17 Jul 2026, 10:34 AM
राजिम
राजिम के बरोंडा निवासी नेतराम धृतलहरे ने तालाब पाटे जाने की शिकायत 2 जुलाई को कलेक्टर भगवान सिंह उइके से की थी। शिकायत में युवक ने कई प्रभावशाली लोगों के नाम बताए, जिनकी मौजूदगी में मशीनों के जरिए तालाब भरने का काम किया गया। उन्होंने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सबूत भी सौंपा। नेतराम ने बताया कि जून माह के अंतिम दिनों में जब तालाब को पाटा जा रहा था, तब उन्होंने तहसीलदार और एसडीएम से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि खसरा नंबर 584 में दर्ज करीब डेढ़ एकड़ के निस्तारी तालाब को अवैध प्लॉटिंग करने वालों ने भर दिया।
सरकारी रिकॉर्ड में डेढ़ एकड़ तालाब
इसके बाद चौबे बांधा मार्ग स्थित दानी तालाब को भी पाटने की कोशिश शुरू कर दी गई। पूर्व नगर पंचायत सदस्य पवन सोनकर ने बताया कि केतकी तालाब को वर्ष 2016 में मछली पालन के लिए 10 साल की लीज पर दिया गया था। सरकारी रिकॉर्ड में तालाब का क्षेत्रफल करीब डेढ़ एकड़ दर्ज था। उनका आरोप है कि बाद में प्रभावशाली लोगों ने रिकॉर्ड में बदलाव कर तालाब का रकबा कम करा दिया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद तालाब के स्वरूप में बदलाव किए जाने पर सवाल उठाए गए हैं।
राजिम में अवैध प्लॉटिंग के लिए नहर पर बनाया गया रास्ता
कबीर नगर के बाद अब पार्ट-2 की तैयारी
राजिम-गरियाबंद मार्ग पर जमीनों की बढ़ती मांग के बीच अवैध प्लॉटिंग का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। हाईवे किनारे कृषि भूमि पर मुरुम डालकर पहले कबीर नगर बसाया गया। अब इसी इलाके में पार्ट-2 बसाने की तैयारी चल रही है। आरोप है कि इसके लिए सिंचाई विभाग की नहर में ह्यूम पाइप डालकर रास्ता तक बना दिया गया।
20 से ज्यादा रकबों में अवैध प्लॉटिंग का आरोप
राजिम शहर से करीब 5 किलोमीटर तक कई स्थानों पर कृषि भूमि को बिना डायवर्सन कराए प्लॉट काटने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर महीने बड़ी संख्या में अवैध प्लॉटों की रजिस्ट्री हो रही है, जिससे सिस्टम की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजिम एसडीएम विशाल महाराणा ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग की शिकायतों के बाद अब तक 100 से अधिक रकबों में खरीदी-बिक्री प्रतिबंधित की गई है। तालाब और नहर पाटने का मामला अब संज्ञान में आया है। इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।