IND vs NZ Hockey: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2026 इंडिया-न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट में शानदार शुरुआत की है। तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। गुरुवार को ऑकलैंड के लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी समय तक अपनी बढ़त बनाए रखी।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच बराबरी की टक्कर
मुकाबले की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने आक्रामक रुख अपनाते हुए भारतीय टीम पर दबाव बनाया। मेजबान टीम के जोंटी एल्म्स ने 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यूजीलैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, भारत ने तुरंत जवाब दिया। उत्तम सिंह ने 25वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में भारत ने बनाई मजबूत बढ़त
पहले हाफ के बाद भारतीय टीम ने अपने खेल की रफ्तार बढ़ाई। शारदानंद तिवारी ने 38वें मिनट में फील्ड गोल करते हुए भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद कप्तान संजय ने 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर टीम की बढ़त 3-1 कर दी। दो गोल से पिछड़ने के बाद न्यूजीलैंड ने वापसी की कोशिश की। सैम हिहा ने 55वें मिनट में फील्ड गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद आखिरी मिनटों में मेजबान टीम ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया। आखिरकार भारत ने मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया।शनिवार को सीरीज का दूसरा मुकाबला
पहले मैच में जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमें शनिवार को दूसरे मुकाबले में आमने-सामने होंगी। वहीं, सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रविवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश अगले दोनों मुकाबलों में भी इसी प्रदर्शन को बरकरार रखने की होगी।











