देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपनी 20वीं वर्षगांठ के मौके पर यात्रियों के लिए खास ऑफर की घोषणा की है। कंपनी अपने “हैप्पी इंडिगो डे” कैंपेन के तहत 20,000 ग्राहकों को मुफ्त घरेलू फ्लाइट टिकट जीतने का मौका दे रही है। इस ऑफर में चुने गए यात्रियों को उनके टिकट का किराया वापस किया जाएगा।
इंडिगो वर्तमान में भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है। भारतीय एविएशन मार्केट में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 66 फीसदी है। एयरलाइन रोजाना लगभग 2,200 उड़ानों का संचालन करती है। कंपनी के पास 430 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है और यह देश के कई घरेलू व अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर सेवाएं देती है।
4 से 6 अगस्त तक बुकिंग करने वालों को मिलेगा मौका
इंडिगो के इस ऑफर का लाभ उन यात्रियों को मिलेगा, जो 4 अगस्त से 6 अगस्त 2026 के बीच घरेलू फ्लाइट टिकट बुक करेंगे। यह ऑफर केवल इंडिगो के आधिकारिक माध्यमों से की गई बुकिंग पर लागू होगा। यात्री कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और इंडिगो के AI वर्चुअल असिस्टेंट ‘6Eskai’ के जरिए टिकट बुक करके इस ऑफर में शामिल हो सकते हैं।
चुने गए यात्रियों को मिलेगा किराए का रिफंड
ऑफर के तहत योग्य यात्रियों को रैंडम चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा। चयनित ग्राहकों को इंडिगो की ओर से ईमेल और WhatsApp मैसेज भेजा जाएगा। इसमें उन्हें एक आसान सवाल का जवाब देना होगा। सही जवाब देने वाले यात्रियों को उनकी फ्लाइट बुकिंग का पूरा किराया वापस कर दिया जाएगा। हालांकि, यह रिफंड राशि प्रति PNR अधिकतम 10,000 रुपये तक होगी।
इकोनॉमी और IndiGoStretch दोनों बुकिंग पर लागू
यह ऑफर केवल इकोनॉमी क्लास तक सीमित नहीं है, बल्कि IndiGoStretch की बुकिंग पर भी लागू होगा। इसके अलावा घरेलू रूट की वन-वे और रिटर्न दोनों तरह की यात्राओं को इस ऑफर में शामिल किया गया है।
20 साल पहले शुरू हुई थी इंडिगो की पहली उड़ान
इंडिगो ने अपनी पहली उड़ान 4 अगस्त 2006 को शुरू की थी। कंपनी की पहली फ्लाइट दिल्ली से इंफाल के बीच गुवाहाटी होते हुए संचालित हुई थी। इसके बाद कंपनी ने भारतीय विमानन क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बनाई और आज यह देश की सबसे बड़ी एयरलाइन बन चुकी है।कंपनी ने रखी नियम और शर्तें लागू
इंडिगो ने साफ किया है कि यह ऑफर कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध नियमों और शर्तों के अनुसार ही लागू होगा। यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले ऑफर से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।