Indore Road Protest: शहर की चमचमाती विकास की तस्वीरों के बीच बांबे अस्पताल की सर्विस रोड की खस्ताहाली ने नगर निगम के दावों की कलई खोलकर रख दी है। मंगलवार को इस बदहाल रास्ते का शिकार कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि खुद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे बन गए। सर्विस रोड से गुजरते वक्त उनकी कार गहरे गड्ढों और कीचड़ में जा फंसी। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर की मशक्कत के बाद जब गाड़ी बाहर निकली, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। इस घटना के बाद बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बदहाल सड़क पर ही बैठकर धरना शुरू कर दिया।
महापौर के खिलाफ की नारेबाजी
सड़क पर फैले कीचड़ के बीच बैठकर कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन और महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि करीब दो साल पहले ड्रेनेज लाइन बिछाने के नाम पर इस सड़क की खुदाई की गई थी। तब से लेकर आज तक यह सड़क सिर्फ कागजों और फाइलों में ही बन रही है, जबकि धरातल पर एक इंच काम नहीं हुआ। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा, "जब मेरी चौपहिया गाड़ी यहां फंस सकती है, तो रोजाना इस रास्ते से निकलने वाले हजारों दोपहिया सवारों का क्या हाल होता होगा? लोग रोज गिर रहे हैं, चोटिल हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।"
कार्यकाल खत्म होने को पर सड़कों की स्थिति जस की तस
कांग्रेस अध्यक्ष ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहर भर में विकास के बड़े-बड़े पोस्टर लगाने वाले महापौर को दो साल से खुदी पड़ी यह सड़क नजर नहीं आ रही। भाजपा परिषद का कार्यकाल खत्म होने को आया है, लेकिन सड़कों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। गड्ढे और अधूरी सड़कें ही अब इंदौर की नई पहचान बनती जा रही हैं।