Kriti Sanon Ad Controversy: कृति सेनन के समर्थन में राहुल गांधी, विवाद के बाद GIVA ने वापस लिया राखी ऐड
Kriti Sanon Ad Controversy: कृति सेनन के राखी विज्ञापन को लेकर विवाद बढ़ गया है। कंगना रनौत ने उनके पहनावे पर सवाल उठाए, जबकि राहुल गांधी कृति के समर्थन में सामने आए। विवाद के बाद जूलरी ब्रांड GIVA ने विज्ञापन वापस ले लिया।
क
कीर्तिमान डेस्क | लक्ष्मी साहू
26 Aug 2026, 12:22 PM
नई दिल्ली
Kriti Sanon Ad Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन के राखी विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है। विज्ञापन में कृति के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच कांग्रेस नेता Rahul Gandhi उनके समर्थन में सामने आए हैं। वहीं, विवाद बढ़ने के बाद जूलरी ब्रांड GIVA ने संबंधित विज्ञापन वापस लेने की बात कही है।
राहुल गांधी ने क्या कहा ?
राहुल गांधी ने Instagram स्टोरी पर कृति सेनन से जुड़ा पोस्ट साझा करते हुए महिलाओं के पहनावे और जीवनशैली को लेकर होने वाली ऑनलाइन आलोचना पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कोई महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है।
उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान करने की बात करते हुए कहा कि अपनी पसंद के मुताबिक जीवन जीने के लिए उन्हें ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए। राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
कृति सेनन के समर्थन में राहुल गांधी का पोस्टविवाद के बाद GIVA ने वापस लिया विज्ञापन
विवाद बढ़ने के बाद जूलरी ब्रांड GIVA ने कृति सेनन वाला राखी विज्ञापन वापस लेने का फैसला किया। कंपनी ने अपने बयान में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सम्मान की बात कही। इसी को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस लेने की जानकारी दी गई।
कंगना रनौत ने विज्ञापन पर उठाए थे सवाल
इससे पहले अभिनेत्री और भाजपा सांसद Kangana Ranaut ने विज्ञापन पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कृति सेनन के पहनावे को लेकर सवाल करते हुए कहा था कि राखी जैसे त्योहार से जुड़े विज्ञापन के लिए स्टाइलिंग के कई दूसरे विकल्प मौजूद हो सकते थे। उन्होंने विज्ञापन की प्रस्तुति पर भी सवाल उठाए। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कुछ यूजर्स ने विज्ञापन की आलोचना की, जबकि कई लोग कृति सेनन के समर्थन में सामने आए और महिलाओं के कपड़ों को उनकी निजी पसंद बताया।
कृति सेनन ने भी रखी अपनी बात
विवाद के बीच कृति सेनन ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खूबसूरती किसी के कपड़ों में नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं में होती है। कृति के मुताबिक रक्षाबंधन उनके लिए एक-दूसरे की रक्षा करने और हमेशा साथ खड़े रहने की भावना से जुड़ा त्योहार है।
उन्होंने अपने परिवार और पालतू कुत्तों का जिक्र करते हुए कहा कि वे भी उनके परिवार का हिस्सा हैं। इसके साथ ही कृति ने महिलाओं के पहनावे को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाया और पूछा कि आखिर महिलाओं को यह बताना कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।
सोशल मीडिया से सियासत तक पहुंचा विवाद
कृति सेनन के विज्ञापन को लेकर शुरू हुई बहस अब केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही है। पहले कंगना रनौत की प्रतिक्रिया और फिर राहुल गांधी के समर्थन के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। दूसरी ओर, कंपनी द्वारा विज्ञापन वापस लेने के फैसले के बाद त्योहारों के विज्ञापनों, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को लेकर बहस और तेज हो गई है।