Isha Ambani Lifestyle: मुकेश अंबानी और नीता अंबानी की बेटी ईशा अंबानी एक बार फिर अपनी खास मेहमाननवाजी और शाही अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। मशहूर फैशन डिजाइनर टोरी बर्च के भारत आगमन पर उन्होंने मुंबई स्थित अपने आलीशान घर एंटीलिया में एक खास डिनर पार्टी का आयोजन किया। इस शाम में बॉलीवुड और फैशन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
पूरे परिसर में ताजे फूलों और हरी पत्तियों का इस्तेमाल कर ऐसा माहौल तैयार किया गया, मानो किसी खूबसूरत बगीचे के बीच डिनर का आयोजन हो रहा हो। गुलाबी, बैंगनी और सफेद फूलों की सजावट के साथ चमकते क्रिस्टल झूमरों ने पूरे हॉल को एक अलग ही अंदाज दिया। सजावट में पारंपरिक शाही ठाठ और आधुनिक डिजाइन का बेहतरीन मेल देखने को मिला।
नदी की लहरों जैसी दिखी डाइनिंग टेबल
इस पार्टी की सबसे खास सजावट घुमावदार डाइनिंग टेबल रही। इसे इस तरह डिजाइन किया गया था कि देखने में किसी बहती नदी की लहरों जैसा एहसास हो। टेबल पर सफेद रंग का फूल-पत्तियों वाला कपड़ा बिछाया गया था। दोनों ओर हल्के रंग की लकड़ी की आरामदायक कुर्सियां रखी गई थीं, जिन पर सफेद कुशन लगे थे। कुर्सियों का क्रॉस-बैक डिजाइन पूरे डाइनिंग सेटअप को क्लासिक और आकर्षक लुक दे रहा था।
एंटीलिया की खासियत
मुकेश अंबानी का घर एंटीलिया मुंबई के अल्टामाउंट रोड पर स्थित दुनिया के सबसे आलीशान निजी आवासों में से एक है। करीब 173 मीटर ऊंची और 27 मंजिला इस इमारत में लग्जरी सुविधाओं की भरमार है। यहां छह मंजिलों पर करीब 168 कारों की पार्किंग, तीन हेलिपैड, भव्य बॉलरूम और 50 लोगों की क्षमता वाला निजी मूवी थिएटर है। इसके अलावा स्विमिंग पूल, जिम, स्पा, योग सेंटर, कई मंजिलों पर गार्डन और निजी मंदिर भी मौजूद हैं। इसकी सबसे अनोखी सुविधाओं में स्नो रूम शामिल है, जहां कृत्रिम बर्फबारी का अनुभव मिलता है। विशाल क्रिस्टल झूमर, शानदार सीढ़ियां और आकर्षक इंटीरियर इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। करीब चार लाख वर्ग फुट में फैला एंटीलिया आधुनिक तकनीक, भारतीय कला और शाही जीवनशैली का अनूठा संगम है।विशाल क्रिस्टल झूमर ने बढ़ाई हॉल की रौनक
हॉल की छत पर लगा विशाल क्रिस्टल झूमर सजावट का सबसे आकर्षक हिस्सा नजर आया। हजारों चमकते क्रिस्टल से बना यह झूमर अपनी अनोखी बनावट और सुनहरी रोशनी के कारण पूरे डाइनिंग एरिया को जगमगा रहा था। इसके आसपास लगे क्रिस्टल के लंबे सजावटी पिलर भी हॉल की खूबसूरती में इजाफा कर रहे थे।
भगवान श्रीकृष्ण की पिछवाई पेंटिंग ने खींचा ध्यान
सीढ़ियों की रेलिंग पर लगे चमकदार क्रिस्टल पिलर और हल्की रोशनी इसकी खूबसूरती बढ़ा रहे थे। वहीं, पीछे की दीवार पर लगी लाल और सुनहरे रंग की बड़ी पिछवाई पेंटिंग ने सजावट में भारतीय संस्कृति की झलक जोड़ दी। इस पेंटिंग में भगवान श्रीकृष्ण के साथ मोर, पेड़ और कमल के फूलों को खूबसूरती से दर्शाया गया था।
रंग-बिरंगी वॉल आर्ट और चमकती लाइट्स का आकर्षण
डाइनिंग एरिया के पास बनी ऊंची दीवार को भी अलग अंदाज में सजाया गया था। यहां अलग-अलग आकार की गोल प्लेट जैसी वॉल आर्ट लगाई गई थीं। गुलाबी, लाल और सुनहरे रंगों से सजी इन कलाकृतियों ने दीवार को आकर्षक लुक दिया।












