Healthy Chutney Recipe: भारतीय थाली में चटनी का अपना खास स्थान है, नाश्ते में इडली-डोसा हो या दोपहर के खाने में दाल-चावल, चटनी साथ हो तो भोजन का स्वाद और भी बढ़ जाता है। तीखा और चटपटा स्वाद पसंद करने वालों के लिए कढ़ी पत्ते की चटनी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।
आमतौर पर कढ़ी पत्ते का इस्तेमाल दाल, सब्जी और दूसरी डिश में तड़का लगाने के लिए किया जाता है। लेकिन इससे स्वादिष्ट चटनी भी तैयार की जा सकती है। कढ़ी पत्ते की खास खुशबू के साथ दाल, लहसुन और मसालों का स्वाद इसे अलग बनाता है। इसे बनाने में ज्यादा सामग्री या समय की जरूरत नहीं पड़ती। महज 10 मिनट में यह चटनी तैयार हो सकती है।
चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
कढ़ी पत्ते की चटनी बनाने के लिए आपको घर में आसानी से मिलने वाली कुछ चीजों की जरूरत होगी।
- ताजे कढ़ी पत्ते – 1 से 2 कप
- चना दाल – 1 बड़ा चम्मच
- उड़द दाल – 1 बड़ा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च – 3 से 4
- इमली का पेस्ट या नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
- लहसुन – 3 से 4 कलियां
- राई – आधा छोटा चम्मच
- तेल – 2 छोटे चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
सबसे पहले दाल और मसालों को करें भूनने की तैयारी
चटनी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें। इसमें चना दाल, उड़द दाल, लहसुन और सूखी लाल मिर्च डालकर धीमी आंच पर भूनें। जब दाल हल्की सुनहरी हो जाए और मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे, तो इन्हें एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
कढ़ी पत्तों को धीमी आंच पर भूनें
अब उसी पैन में बचा हुआ तेल डालें और उसमें धुले हुए कढ़ी पत्ते डालकर 2 से 3 मिनट तक भूनें। पत्तों को तब तक पकाएं, जब तक उनकी नमी कम न हो जाए और वे हल्के कुरकुरे न हो जाएं। इसके बाद इन्हें भी प्लेट में निकालकर ठंडा कर लें।
मिक्सी में पीसकर तैयार करें चटनी
जब भुनी हुई दाल और कढ़ी पत्ते ठंडे हो जाएं, तो इन्हें मिक्सी के जार में डालें। अब इसमें नमक, इमली का पेस्ट और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं। सभी सामग्रियों को पीसकर चटनी तैयार कर लें। ध्यान रखें कि चटनी ज्यादा पतली न हो। हल्की गाढ़ी और दरदरी चटनी का स्वाद बेहतर रहता है।
राई के तड़के से बढ़ जाएगा स्वाद
कढ़ी पत्ते की चटनी को खास स्वाद देने के लिए इसका तड़का तैयार करें। एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई डालें। राई चटकने लगे तो स्वाद के अनुसार सूखी लाल मिर्च और चुटकी भर हींग भी मिला सकते हैं। अब इस गर्म तड़के को तैयार चटनी के ऊपर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
फ्रिज में 3 से 4 दिन तक कर सकते हैं स्टोर
बस, स्वादिष्ट कढ़ी पत्ते की चटनी तैयार है। इसे इडली, डोसा, पराठे, रोटी या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है। चटनी को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में 3 से 4 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है। अगली बार जब खाने के साथ कुछ चटपटा और अलग परोसने का मन हो, तो इस आसान रेसिपी को जरूर आजमाएं।












