रायगढ़ जिले की तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने के आरोप में कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। शुरुआती जांच में अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम दोनों बढ़ सकती हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई जब रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पडीगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता है। उसने भरोसा जीतकर वाहन खरीदने और बेचने के नाम पर उनसे कई बार रकम ली। जब पैसे लौटाने की बात आई तो आरोपी ने जल्द ही जमीन बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिया और इसी बहाने उनसे और पैसे लेता रहा।
जमीन बेचने का झांसा देकर किया दूसरा खेल
शिकायतकर्ताओं के अनुसार आरोपी ने अपनी जमीन बेचने का सौदा भी उनसे कर लिया। लेकिन बाद में पता चला कि जिस जमीन का सौदा उनसे किया गया था, उसकी रजिस्ट्री पहले ही किसी दूसरी महिला के नाम की जा चुकी थी। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस का सहारा लिया। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कृष्ण कुमार साहू ने केवल एक-दो लोगों को नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया। जांच में पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई लोगों से वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने की जानकारी मिली है। लगातार नई शिकायतें सामने आने से मामले का दायरा बढ़ता जा रहा है।पूछताछ में आरोपी ने कबूला
अपराध शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन जब्त किए हैं। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस इन संपत्तियों के साथ-साथ आरोपी की अन्य चल-अचल संपत्तियों की भी जांच कर रही है।