दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरजिला वाहन चोर को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से तीन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीनों बाइक बरामद कर ली हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपए बताई जा रही है।
मामला जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर का है। यहां रहने वाले युगल पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जून 2026 को उसका भाई कुणाल पटेल अपनी बाइक (CG 07 CU 6238) से सामान खरीदने कैलाश नगर गया था। खरीदारी के बाद जब वह वापस लौटा तो मौके से उसकी बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
तकनीकी जांच से रायगढ़ तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर क्षेत्र में दबिश देकर आनंदी मंडल को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने कैलाश नगर से यामाहा आर-15 बाइक चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा उसने करीब दो साल पहले बिलासपुर से होंडा साइन और 20 से 25 दिन पहले रायपुर क्षेत्र से केटीएम बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की।आरोपी की बरामद हुई तीनों बाइक
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। बरामद वाहनों में यामाहा आर-15, होंडा साइन और बिना नंबर की केटीएम बाइक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन तीनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपए है। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही वह बाइक चोरी कर दूसरे जिले में ले जाकर छिपा देता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
ओडिशा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय आनंदी मंडल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के संबलपुर जिले का रहने वाला है। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्राभाठा रिसोड़ा गांव में रह रहा था। आरोपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसके अलावा अन्य जिलों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।