देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे कानून की रक्षा करने वालों पर भी हमला करने से नहीं हिचक रहे। ताजा मामला उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके का है, जहां चेकिंग के दौरान बिना कागजात वाली बाइक जब्त करने से नाराज कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंका और फिर ईंट-डंडों से उनकी जमकर पिटाई कर दी।
वीडियों वायरल होने पर मचा हड़कंप
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। घटना 22 अगस्त की दोपहर की है। जनता विहार इलाके में बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश रोजाना की तरह गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिध बाइक रोकी। पड़ताल में जब बाइक के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, तो पुलिस अधिकारियों ने नियमों के तहत गाड़ी को जब्त कर लिया और थाने ले आए।
सोची-समझी साजिश से हुआ हमला
गाड़ी जब्त होने की खबर मिलते ही बाइक मालिक का पारा चढ़ गया। वह अपने परिजनों और कुछ साथियों के साथ पुलिसकर्मियों के पास पहुंचा और बहस करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। गुस्साए बदमाशों ने सोची-समझी साजिश के तहत पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वे संभल न सकें। इसके बाद ईंट और डंडों से उन पर हमला कर दिया।घटना के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में
साथी पुलिसकर्मियों को घिरता देख जब हेड कॉन्स्टेबल टीनू मदद के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उपद्रवियों ने उन्हें भी निशाना बनाया। इस हमले में तीनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है। घटना के बाद हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
फरार आरोपी के लिए चल रही छापेमारी
पुलिस के अनुसार, इस पूरे बवाल का मुख्य आरोपी सुनील नाम का व्यक्ति है, जो इलाके का घोषित बदमाश है और उस पर पहले से भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और बलवा करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुनील और उसके साथियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।