छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा आवासपारा में 23 वर्षीय रामनाथ उर्फ सोनू चौहान की सिलबट्टे से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से हुआ।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान (65) ने रविवार रात लैलूंगा थाने पहुंचकर सूचना दी कि उनका बेटा रामनाथ चौहान का शव घर की परछी में पड़ा हुआ है। शव के सिर और गर्दन पर सिलबट्टा रखा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि रामनाथ शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर विवाद करता था। इसी वजह से वह घर में अकेले रहता था।
डॉग स्क्वाड की मदद से मिला हत्या का सुराग
घटना के समय उसकी मां भी करीब एक सप्ताह पहले अपनी बेटी के घर ग्राम जमुना गई हुई थी। सूचना मिलने के बाद लैलूंगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक गमछा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर आगे की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड को जांच में शामिल किया। डॉग मास्टर वीरेंद्र अनंत के साथ पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। रूबी ने कई संदिग्धों के बीच मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की ओर संकेत किया।इससे जुड़ी खबरें... https://keertiman.com/hi/article/body-found-house-youth-brutally-murdered-stabbed-death-raigad
पूछताछ में आरोपी ने कबूली हत्या की बात
पुलिस ने संदेह के आधार पर भुवनेश्वर यादव (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने रामनाथ की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखे भारी सिलबट्टे से रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।