Knife Attack Bilaspur: शहर से सटे कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम जलसो के पास शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों ने डीजे बजाने की बात पर एक गाड़ी को रोककर चाकू और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पुरानी रंजिश और अचानक हुए विवाद के बाद हुई इस मारपीट में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है।
बिरकोना से लौटते वक्त रास्ते में घेरा
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी (आईपीएस) गगन कुमार ने बताया कि ग्राम पौंसरा निवासी पीड़ित आयुष रजक ने रविवार को कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आयुष ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्तों—आकाश, आशीष रजक और बोड्डा—के साथ बिरकोना से मजदा वाहन में डीजे लोड कर वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी जलसो के पास पहुंची, वहां पहले से मौजूद जलसो निवासी पिंटू वर्मा, दुर्गेश गोंड, राहुल वर्मा और राहुल गोंड ने उनका रास्ता रोक लिया।
डीजे बजाने की जिद और गाली-गलौज
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर पहले तो गाली-गलौज शुरू की, फिर जबरन डीजे बजाने का दबाव बनाने लगे। जब आयुष और उसके साथियों ने देर रात डीजे बजाने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी भड़क गए। विवाद इतना बढ़ा कि पिंटू वर्मा ने अचानक अपनी जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया, जबकि उसके साथी दुर्गेश और अन्य युवकों ने डंडों व स्टिक से आयुष और उसके दोस्तों की जमकर पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस की घेराबंदी में धरे गए आरोपी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोनी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और घटना में शामिल दो आरोपियों—पिंटू वर्मा (19 वर्ष) तथा दुर्गेश कुमार गोंड (20 वर्ष), दोनों निवासी जलसो भूरीभाटा—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायाधीश ने उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने का आदेश दे दिया। मामले में शामिल अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।
