Kolar Road Collapse: राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में इस समय मानसून अपनी पूरी रंगत में है। बीते कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने जहां एक तरफ शहर के नदी-तालाबों को लबालब भर दिया है, वहीं दूसरी ओर आम जीवन की रफ्तार रोक दी है। शुक्रवार को बारिश के बीच भोपाल के कोलार इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, हालांकि घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी खौफ का माहौल है। घटना कोलार के दानिशकुंज इलाके की है, जहां 8 मंजिला आम्रवेली परिसर के ठीक बाहर सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। देखते ही देखते सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियां जमीन के अंदर समा गईं।
काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाली गाड़ियां
अचानक हुए इस हादसे से बहुमंजिला इमारत में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ियों को बाहर निकाला। इमारत की नींव के इतने करीब सड़क धंसने से रहवासी बेहद डरे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बिल्डर और स्थानीय प्रशासन के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भोपाल में शुक्रवार सुबह से ही लगातार बारिश का दौर जारी रहा।
दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बीच ही शहर में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। मूसलाधार बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट देखी गई है। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे गिरकर 23.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी घटकर 21.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने भोपाल समेत पूरे मालवा और महाकौशल अंचल में अगले दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भदभदा डैम के गेट खुले
लगातार हो रही बारिश से भोपाल का प्रसिद्ध बड़ा तालाब अपने फुल टैंक लेवल (FTL) 1666.80 फीट तक पहुंच चुका है। तालाब में पानी की आवक को देखते हुए अतिरिक्त जल की निकासी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे महापौर मालती राय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद भदभदा डैम का गेट नंबर 6 खोल दिया। कैचमेंट एरिया से आ रहे पानी को देखते हुए आने वाले घंटों में कुछ और गेट भी खोले जा सकते हैं। बारिश के रौद्र रूप को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है।
कई गांवों में सुरक्षा को लेकर स्कूलों की छुट्टी
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 5 सितंबर को राज्य के कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर जिलों में कलेक्टरों ने अवकाश का आदेश जारी किया है। अलग-अलग जिलों में स्थिति के अनुसार नर्सरी से आठवीं और कुछ जगहों पर 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रखी गई हैं। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

