Korba News: SECL के नाराज ग्रामीणों का कलेक्टोरेट तक अनोखा प्रदर्शन, विस्थापन और बुनियादी सुविधाओं की मांग
Korba News: चंद्रनगर और जटराज के विस्थापित परिवारों ने पुनर्वास की समस्याओं को लेकर दंडवत न्याय यात्रा निकाली। ग्रामीणों ने SECL पर जल्दबाजी में विस्थापन और बुनियादी सुविधाएं नहीं देने का आरोप लगाया है।
प्रकाशित: 23 Nov 2026, 06:49 PM· 2 मिनट पढ़ने का समय
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा में विस्थापन और पुनर्वास की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताने के लिए अनोखे तरीके अपनाया. चंद्रनगर और जटराज के विस्थापित परिवारों ने सोमवार को दंडवत न्याय यात्रा निकाली। ग्रामीण सड़क पर लेटकर घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे और एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई
पुनर्वास में सुविधाओं का अभाव, ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल ने उन्हें महज तीन दिनों के भीतर गांव खाली करने के लिए मजबूर किया. इसके बाद उन्हें एक जगह बसाने के बजाय छह अलग-अलग स्थानों पर बिखेर दिया गया. इससे विस्थापित परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि पुनर्वास स्थल पर सड़क, पीने का पानी और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। कई परिवारों की झोपड़ियां टूट चुकी हैं और उन्हें खुले में शौच करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
हाथों में बैनर लेकर घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे प्रदर्शनकारी।
SECL ने दिया बेहतर पुनर्वास का भरोसा
ग्रामीणों का कहना है कि गांव से हटाए जाने के बाद उन्हें बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित जीवन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं ग्रामीणों के प्रदर्शन पर एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार एसईसीएल के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास प्रबंधन की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को शामिल किया गया है।
संवाद से समाधान की SECL ने जताई उम्मीद
उन्होंने आगे कहा कि यदि ग्रामीणों को कोई समस्या है तो संवाद और समन्वय के जरिए उसका समाधान किया जाएगा। प्रबंधन ने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल, विस्थापित परिवारों ने अपनी समस्याओं को लेकर विरोध जताया है। अब देखना होगा कि एसईसीएल प्रबंधन उनकी मांगों पर क्या कदम उठाता है।