Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के 1280 करोड़ रुपए के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों को मिली बड़ी सफलता। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को UAE से भारत लाकर रायपुर पहुंचाया गया है। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यह कार्रवाई की। भारत लाए जाने के बाद विकास अग्रवाल को रायपुर में न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी को 30 नवंबर तक ACB की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल इस शराब घोटाले में अहम भूमिका निभा रहा था। उसे घोटाले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर का करीबी बताया जाता है।
ACB रिमांड में खुलेगा शराब घोटाले का राज?
आरोप है कि वह डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलता था और इस रकम को अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। लंबे समय से फरार विकास अग्रवाल की तलाश में एजेंसियां जुटी हुई थीं। इसी महीने के पहले पखवाड़े में उसे दुबई में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई। संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय के बाद आखिरकार उसे रायपुर लाने में सफलता मिली। अब ACB की रिमांड के दौरान उससे शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, कमीशन वसूली और कथित सिंडिकेट में उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा सकती है।
शराब सिंडिकेट ने 4 साल में कमाए 2,883 करोड़ रुपए
ED के मुताबिक विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट का वित्तीय मैनेजर था। उस पर आरोप है कि वह डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। ईडी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने इसी साल जून 2026 में छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच के तहत 1,000 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की संपत्तियों को कुर्क किया था। ईडी ने कहा कि उसने चार और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिससे धन शोधन मामले में आरोपियों की कुल संख्या 85 हो गई है। केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि उसने 28 मई को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तीन अस्थायी कुर्की आदेश जारी किए, जिसमें लगभग 200 करोड़ रुपए के विलेख मूल्य और 1,000 करोड़ रुपए से अधिक के बाजार मूल्य वाली संपत्तियों को कुर्क किया गया।नक्शे देखें ईडी के अनुसार, उसकी जांच में पाया गया कि अनवर ढेबर और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा के नेतृत्व वाले एक शराब ‘सिंडिकेट’ ने वरिष्ठ अधिकारियों, शराब बनाने वाली इकाइयों के मालिकों और निजी संस्थाओं के साथ मिलीभगत कर 2019 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ आबकारी शुल्क तंत्र में हेरफेर किया और अपराध से करीब 2,883 करोड़ रुपए अर्जित किए।विकास अग्रवाल की संपत्तियों पर ED का शिकंजा
ईडी ने आरोप लगाया कि अवैध आय ‘‘शराब की खरीद दरों में वृद्धि, अवैध शराब के निर्माण और पसंदीदा संस्थाओं को दिए गए ‘एफएल-10ए’ लाइसेंस के माध्यम से कमीशन की वसूली’’ से अर्जित की गई थी। पहला कुर्की आदेश विकास अग्रवाल और ढेबर से जुड़ी संपत्तियों से संबंधित है। ईडी ने आरोप लगाया कि अग्रवाल ‘सिंडिकेट’ के वित्तीय प्रबंधक के रूप में कार्य करता था, शराब बनाने वाली इकाइयों और ‘एफएल-10ए’ लाइसेंसधारियों से कमीशन एकत्र करता था और अनवर ढेबर को धनराशि भेजता था। एजेंसी ने कहा कि अग्रवाल के परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज संपत्तियों को कथित तौर पर उनके द्वारा अपराध से प्राप्त आय के समतुल्य राशि के आधार पर कुर्क किया गया है। इसने ढेबर की बेनामी संपत्तियों को भी जब्त किया, जिनमें रायपुर में पर उनके नियंत्रण वाली कंपनियों और फर्जी संस्थाओं के माध्यम से अर्जित भूखंड शामिल हैं। इस आदेश के तहत कुर्की की कुल राशि लगभग 30 करोड़ रुपए है। एक दूसरे कुर्की आदेश में, ईडी ने उत्तरी गोवा स्थित पैसिफिका होटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाले ‘होटल वेस्टिन गोवा’ को कुर्क कर लिया।
गोवा के 110 करोड़ के होटल पर ED का शिकंजा
ईडी ने कहा कि जांच में यह स्थापित हुआ कि होटल को अपराध से प्राप्त आय से लगभग 110 करोड़ रुपए में अधिग्रहित किया गया था। एजेंसी ने आरोप लगाया कि यह बेहिसाबी राशि शराब घोटाले से प्राप्त हुई थी और इसका भुगतान नकद रूप में किया गया। चैतन्य बघेल के इशारे पर यह नकद राशि स्थानांतरित की गई थी।नक्शे देखें तीसरे कुर्की आदेश में तीन ‘एफएल-10ए’ लाइसेंस धारक कंपनियों के बैंक खाते, शेयर और म्यूचुअल फंड शामिल हैं। इन तीन कंपनियों में ओम साई बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड, दिशिता वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और नेक्सजेन पावर इंजीटेक प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।












